अजमेर

फर्जी एसीबी अधिकारी बन चौथ वसूली करते पकड़ा

होटल-ढाबा मालिकों को ट्रक पार्र्किंग व अन्य कमियां बताकर दे रहा था धमकियां  

less than 1 minute read
Sep 26, 2019
फर्जी एसीबी अधिकारी बन चौथ वसूली करते पकड़ा
बिजयनगर थाना पुलिस की गिरफ्त में फर्जी एसीबी अधिकारी मोहित बैरागी।

बिजयनगर (अजमेर). राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित होटल-ढाबा मालिकों को भ्रष्टाचार निरोधक विभाग का अधिकारी बताकर बुधवार चौथ वसूली करने के आरोपी को पुलिस ने धर-दबोचा। आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस ने रिमांड पर लिया है।

थाना प्रभारी विजय सिंह रावत ने बताया कि बिजयनगर थाने में परिवादी रावत किशना की झूपड़्यां के जरिए सूचना मिली कि एक व्यक्ति खुद को एसीबी का अधिकारी बताकर होटल-ढाबा मालिकों से ट्रकों की पार्र्किंग व्यवस्था व अग्निशमन व्यवस्था सही नहीं होने, खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में कमी सहित अन्य कमियां बताकर धमकियां दे रहा है। मामले में फंसाने से बचाने की एवज में वह ढाबा मालिकों से चौथ वसूली कर रहा है। इस पर पुलिस टीम ने किशना की झूपड़्यां पहुंच कर आरोपी कपासन (चित्तौडगढ़़) निवासी मोहित बैरागी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीडि़त सम्पत सिंह से अवैध रूप से वसूले एक हजार रुपए, मोबाइल तथा एसीबी अधिकारी का फर्जी कार्ड व कार बरामद कर ली।

केमिकल की तस्करी में भी था लिप्त

पुलिस के अनुसार मोहित बैरागी अपने भाई के नाम से केमिकल का व्यापार करता था। वह चित्तौडगढ़़, भीलवाड़ा, जयपुर, सिरोही तथा पाली के राष्ट्रीय राजमार्गों स्थित होटलों व ढाबों पर ट्रक चालकों को डरा-धमका कर तेल व केमिकल निकालने के लिए दबाव बनाता था। इसी तेल व केमिकल को वह सहयोगी आसींद निवासी बलवंत सिंह, करेड़ा निवासी तिलक शर्मा व सिरोही निवासी पन्नालाल के जरिए बेचता था। इससे मिलने वाली राशि से आरोपी मौज-मस्ती करते थे।

Updated on:
25 Sept 2019 06:47 pm
Published on:
26 Sept 2019 05:01 am