जर्जर भवन की मरम्मत के दौरान हुआ हादसा दूसरी मंजिल की बॉलकनी अधर में, गिराने की तैयारी नगर निगम ने जर्जर भवन मालिक को दे रखा था नोटिस
अजमेर. शहर के नया बाजार स्थित बिसायती गली में एक जर्जर मकान की मरम्मत के दौरान पहली मंजिल की बॉलकनी गिर गई, जबकि दूसरी बॉलकनी अधर होकर लटक गई। बॉलकनी के मलबे में दबने से चार लोग घायल हो गए। घायलों का जेएलएनएच में उपचार जारी है। भवन मालिक को नगर निगम की ओर से नोटिस दे रखा था। सूचना पर नगर निगम के अधिकारी व पुलिस भी मौके पर पहुंची।
नया बाजार स्थित बिसायती गली में अनिल जैन के आवासीय मकान में नीचे दुकान और ऊपर दो मंजिल बनी हुई है। ऊपर की मंजिलों की बॉलकनी एवं अन्य हिस्सा जर्जर होने पर नगर निगम की ओर से बारिश के दौरान नोटिस दिया गया था। इस पर गत कुछ दिनों से भवन की मरम्मत का काम जारी था। मकान के नीचे बनी दुकानों के ऊपर मरम्मत हो गई थी। रविवार शाम 4.30 बजे करीब मजदूर पहली मंजिल पर बनी बॉलकनी में लगी खिडक़ी को हटा रहे थे। इस दौरान बालकनी गिर गई और उसमें चार मजदूर घायल हो गए। घायलों को तुरंत जेएलएनएच उपचार में भर्ती कराया गया। वहां पर उपचार जारी है। सूचना पर नगर निगम उपायुक्त गजेन्द्र सिंह रलावता, एक्सईएन नाहर सिंह, एईएन ललित मोहन, फायर बिग्रेड, सिविल डिफेंस एवं कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान लोगों की भीड़ भी लग गई।