
अजमेर.
मंत्री व राजस्व मंडल के आदेशों के बावजूद पटवारियों को चार जिलों के कलक्टर रिलीव नहीं कर रहे हैं। व्यथित पटवारियों ने राजस्व मंडल के बाहर प्रदर्शन कर रोष जताया। पटवारियों ने राजस्व मंडल के प्रवेश द्वार को भी विरोध स्वरूप बंद कर दिया। पटवारियों ने राजस्व मंडल निबंधक को ज्ञापन सौंप कर तुरंत रिलीव कराने की कार्रवाई करने की मांग की।
राजस्व मंडल ने गत 30 जुलाई 2018 को प्रदेश के 426 पटवारियों के तबादले किए थे। मंडल प्रशासन ने इस संंबंध में कई बार आदेश दिए लेकिन कलक्टर्स ने पटवारियों को रिलीव नहीं किया। इसके बाद राजस्थान पत्रिका में समाचार प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए मंडल प्रशासन ने कलक्टर्स को चेतावनी भरा पत्र दिया। इसके बाद कलक्टर्स ने पटवारियों को रिलीव कर दिया।
चार जिलों के कलक्टर नहीं कर रहे पालना
राजस्व मंडल मुख्यालय के बाहर जैसलमेर, बाड़मेर, भीलवाड़ा व चित्तौडगढ़़ के पटवारियों ने प्रदर्शन किया। पटवारियों का कहना था कि प्रदेश के 29 जिलों के पटवारियों को रिलीव कर दिया गया है लेकिन चार जिलों के पटवारी रिलीव नहीं किए जा रहे। पटवारियों ने रिलीव नहीं करने पर कलक्ट्रेट के बाहर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
रिसर्च और प्लेसमेंट का डिजिटल डाटा बैंक
विद्यार्थियों को कॉलेज और विश्वविद्यालयों में लाइनों में धक्के खाने, फीस जमा कराने जैसी मुसीबतों से जल्द छुटकारा मिलेा। सभी संस्थाओं को अंकतालिका, डिप्लोमा और डिग्री सहित परीक्षा फार्म, फीस, स्टाफ, कोर्स, रिसर्च और प्लेसमेंट का डिजिटल डाटा बैंक बनाना होगा। यूजीसी में संस्थाएं पंजीयन करा चुकी हैं। अब उन्हें शीघ्र कामकाज शुरू करना होगा।
केंद्र सरकार की ‘राष्ट्रीय अकादमिक संग्रहण केंद्र’ (नेशनल एकेडेमिक डिपॉजिटरी) योजना के तहत सभी उच्च, तकनीकी, प्रबंधन और अन्य संस्थानों को दस्तावेजों का डिजिटल डाटा बैंक तैयार करना है। यह बैंक में रुपए रखने जैसी प्रणाली पर कार्य करेगा। योजनान्तर्गत स्नातक/स्नातकोत्तर और अन्य पाठ्यक्रमों की डिग्री, डिप्लोमा, अंकतालिकाएं, प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज डिजिटल प्रारूप में 24 घंटे ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी फीस देकर वे ऑनलाइन प्रिंट ले सकेंगे।
संस्थाओं को कोड आवंटित
अखिल भारतीय उच्चतर शिक्षा सर्वेक्षण के पोर्टल पर सभी संस्थाओं को विशिष्ट कोड दिए गए हैं। कोड संस्था की पहचान होगी। इसमें संबंधित यूनिवर्सिटी और कॉलेज का पूरा डाटा संरक्षित रहेगा। अजमेर के महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय को यू-0408, एसपीसी-जीसीए को सी--29102, लॉ कॉलेज को सी-29106, राजकीय कन्या महाविद्यालय को सी-29108, संस्कृत कॉलेज को सी-26144, दयानंद कॉलेज को सी-13077, आयुर्वेद नर्सिंग कॉलेज को को सी-26242 कोड दिया गया है।