अजमेर

Good News: लंबे अरसे के बाद भर्ती, 6 सितम्बर से भरने शुरू होंगे ऑनलाइन फॉर्म, आयोग ने जारी की अधिसूचना

राजस्थान लोक सेवा आयोग को भर्तियां मिलनी जारी हैं। कॉलेज शिक्षा विभाग में पुस्तकालयाध्यक्ष के 247 और शारीरिक शिक्षक प्रशिक्षण अनुदेशक के 247 तथा सहायक आचार्य गृह विज्ञान के 39 पदों पर भर्ती होगी। आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

2 min read
Sep 02, 2023

अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग को भर्तियां मिलनी जारी हैं। कॉलेज शिक्षा विभाग में पुस्तकालयाध्यक्ष के 247 और शारीरिक शिक्षक प्रशिक्षण अनुदेशक के 247 तथा सहायक आचार्य गृह विज्ञान के 39 पदों पर भर्ती होगी। आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके ऑनलाइन आवेदन 6 सितम्बर से भरने शुरू होंगे।

सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि कॉलेज शिक्षा विभाग ने पुस्तकालयाध्यक्ष के 247 और शारीरिक शिक्षक प्रशिक्षण अनुदेशक के 247 तथा सहायक आचार्य गृह विज्ञान के 39 पदों पर भर्ती की अभ्यर्थना आयोग को भेजी है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। ऑनलाइन फॉर्म 5 अक्टूबर को रात्रि 12 बजे तक भरे जा सकेंगे। कॉलेज शिक्षा में शारीरिक शिक्षक और पुस्तकालयाध्यक्ष भर्ती की लम्बे अर्से से मांग हो रही थी।

राज्य में करीब 30 साल बाद कॉलेज में शारीरिक शिक्षकों की भर्ती होगी। पुस्तकालयाध्यक्ष की भर्ती भी लम्बे अर्से बाद निकली है। इन भर्तियों से प्रशासनिक और उच्च शिक्षा क्षेत्र में 1438 पद भरेंगे। वहीं एक माह बाद राज्य की सबसे प्रतिष्ठित आरएएस 2023 परीक्षा होगी। प्रारंभिक के बाद मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार होंगे। इसके जरिए राज्य को 905 अधिकारी मिलेंगे। आयोग वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2022 में पेपर लीक मामले के बाद फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है।
यह भी पढ़ें : आखिरी मौका: सितंबर में निबटा लें ये जरूरी काम, फिर बदल जाएंगे कई नियम


लम्बे अर्से बाद होगी भर्ती
कॉलेज शिक्षा विभाग में शारीरिक शिक्षकों की भर्ती करीब 30 साल बाद होगी। इससे पहले 1992-93 में शारीरिक शिक्षकों की भर्ती हुई थी। तीस साल में राज्य यूजी-पीजी कॉलेज की संख्या बढ़कर 545 से ज्यादा हो चुकी है। मौजूदा वक्त 100 कॉलेज में भी शारीरिक शिक्षक नहीं है। युवाओं को खेलों का प्रशिक्षण देने वाले शिक्षक नहीं है। खेलकूद प्रतियोगिताओं में रेफरी-कोच भी उधार के लेने पड़ते हैं। इसको लेकर पत्रिका ने 29 अगस्त को खबर प्रकाशित की थी।

मेटल डिक्टेटर से होगी जांच, ओएमआर में मिलेगा पांचवां विकल्प
राजस्थान लोक सेवा आयोग आरएएस प्री-2023 की परीक्षा तैयारियों में जुटा है। केंद्रों में मेटल डिक्टेटर से जांच के अलावा वीडियोग्राफी होगी। नवाचार के तहत ओएमआर शीट में पांचवां विकल्प होगा। इसकी कार्बन कॉपी भी अभ्यर्थी साथ ले जा सकेंगे। मुख्य सचिव उषा शर्मा और डीजीपी उमेश मिश्रा सहित सभी कलक्टर, एसपी और केंद्राधीक्षकों को पत्र भेजेगा। सितंबर के अंतिम सप्ताह में सभी जिलों-संभाग मुख्यालयों में परीक्षा सामग्री भेजी जाएगी।

राज्य में 1 अक्टूबर को आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2023 होनी है। परीक्षा के लिए करीब ढाई से तीन हजार केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षा सभी संभाग, जिला और उपखंड मुख्यालयों पर होगी।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में खुला नौकरियों का पिटारा: सैकड़ों पदों पर होगी भर्ती, पटवारियों के लिए भी Good News
6.97 लाख से ज्यादा आवेदक
आरएएस 2023 के अन्तर्गत 905 पदों पर भर्ती होगी। इस बार रिकॉर्ड 6 लाख 97 हजार 51 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी कलक्टर और पुलिस अधीक्षक इसकी सुरक्षा के बंदोस्त करेंगे। परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले प्रवेश पत्र अपलोड होंगेे।

Published on:
02 Sept 2023 12:32 pm
Also Read
View All