
अजमेर.
चैत्र नवरात्र पर शहर अम्बे मैया के जयकारों से गूंज रहा है। लोग विधि-विधान से माता का पूजन करने में जुटे हैं। रविवार को भी मंदिरों में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने माता के दर्शन कर सुख-शांति की कामना की।
रविवार को नवरात्र के दूसरे दिन भी लोगों ने पुष्प, रोली, चावल, ताम्बूल और अन्य सामग्री से माता-पूजा अर्चना की। प्राचीन चामुंडा मंदिर, मेहन्दीपुर बालाजी, मेहन्दी खोला माता मंदिर, बजरंगढ़ स्थित अम्बे माता मंदिर, नौसर घाटी स्थित नौसर माता मंदिर, दुर्गा मंदिर और काली मंदिर रामगंज, लोहाखान स्थित वैष्णोदेवी मंदिर, जतोई दरबार नगीना बाग और अन्य मंदिरों में अम्बे मैया का पूजन किया।
लोगों ने हनुमान चालीसा, दुर्गासप्तशती, रामचरितमानस का पाठ किया। कई लोग निराहार रहकर उपवास करने में जुटे हैं। इस दौरान अष्टमी और नवमी को कन्याओं का पूजन होगा। घरों-मंदिरों में कन्याओं को वस्त्र, उपहार और अन्य सामग्री भेंट की जाएगी।
मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
प्राचीन चामुंडा मंदिर, मेहन्दीपुर बालाजी, मेहन्दी खोला माता मंदिर, बजरंगढ़ स्थित अम्बे माता मंदिर, नौसर घाटी स्थित नौसर माता और अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर शंख और घडिय़ाल से गूंज उठे। लोगों ने मां जगदम्बे की मूर्ति और ज्योत के दर्शन कर सुख-शांति की कामना की। मंदिरों मे कई जगह प्रसाद वितरण किया गया। शहर में नौ दिन तक अम्बे मैया की भक्ति, भजन, दुर्गासप्तशती पाठ और अन्य कार्यक्रम चलेंगे।