अजमेर

उच्च शिक्षा मंत्री भाटी आएंगे अजमेर, प्रदेश के सबसे पुराने कॉलेज में करेंगे ये काम

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
• •
Updated: 30 Jan 2019, 7:20 AM IST
student union office
student union office

अजमेर.

उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी 30 जनवरी को अजमेर आएंगे। वे प्रदेश के सबसे पुराने सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। उधर कॉलेज-विश्वविद्यालय में छात्रसंघ कार्यालयों के उद्घाटन अब 10 फरवरी तक हो सकेंगे। पहले उद्घाटन कराने की अंतिम तिथि 30 जनवरी थी। छात्रसंघ पदाधिकारियों के आग्रह पर उच्च शिक्षा विभाग ने तिथि आगे बढ़ाई गई है।

छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समर्थित छात्रनेता चुनाव जीते हैं। लॉ कॉलेज और राजकीय कन्या महाविद्यालय में छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन बीते साल 3 अक्टूबर किया गया था। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चलते बीते वर्ष 11 दिसंबर तक आचार संहिता लगी हुई थी। इसके चलते कई कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में छात्रसंघ कार्यालय के उद्घाटन नहीं हो सके थे। उच्च शिक्षा विभाग ने बीती 3 जनवरी को आदेश जारी किए। इसमें 30 जनवरी तक छात्रसंघ कार्यालयों के उद्घाटन कराने को कहा गया था।

भाटी पहली बार अजमेर में

उच्च शिक्षा मंत्री बनने के बाद भंवर सिंह भाटी पहली मर्तबा अजमेर आएंगे। वे ब्रिटिशकाल में 1836 में स्थापित कॉलेज में भी पहली मर्तबा आएंगे। इसको लेकर कॉलेज विशेष तैयारी में जुटा है।

अब 10 तक करा सकेंगे उद्घाटन
संयुक्त निदेशक डॉ. आर. सी. मीना ने बताया कि छात्रसंघ कार्यालयों का उद्घाटन 10 फरवरी तक कराया जा सकेगा। इसके बाद छात्रसंघ पदाधिकारियों को रियायत नहीं मिलेगी। मालूम हो कि छात्र नेता उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री सहित कांग्रेस और भाजपा के नेताओं को बुलाते हैं।

Published on: