अजमेर

मातम में बदली खुशियां : सड़क हादसे में दम्पती की मौत, रिश्तेदार की शादी में जा रहे थे

बीकानेर आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पाडली मोड़ के समीप ट्रेलर व कार की टक्कर में कार सवार अजमेर के केसरगंज ईदगाह रोड निवासी दम्पती की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 8 Feb 2023, 3:15 PM IST
husband and wife died in road accident

महुवा/अजमेर। बीकानेर आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पाडली मोड़ के समीप ट्रेलर व कार की टक्कर में कार सवार अजमेर के केसरगंज ईदगाह रोड निवासी दम्पती की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पत्नी ने प्राथमिक उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसके पति की जयपुर के सवाईमानसिंह अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। अजमेर के केसरगंज ईदगाह रोड का परिवार यूपी, कासगंज में रिश्तेदार के शादी समारोह में जा रहा था। हादसे से परिवार में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई।

पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पाडली मोड़ पर रोड के किनारे ट्रेलर से जयपुर की ओर से आ रही कार टकरा गई। कार में सवार केसरगंज ईदगाह रोड, चांद बावड़ी निवासी उमंग(30) पुत्र अजीत गुप्ता, उसकी पत्नी माधवी (28) गंभीररूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सामुदायिक अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान माधवी की मौत हो गई जबकि उमंग को गंभीर अवस्था में जयपुर एसएमएस रेफर किया लेकिन जयपुर पहुंचने से पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया। कार में सवार उमंग के पिता अजीत गुप्ता, मां संतोष व 4 माह का पुत्र एकांक्ष सुरक्षित हैं।

सबसे छोटा था उमंग
अजीत गुप्ता की श्रीनगर रोड पर चाचा पान हाउस के नाम से दुकान है। अजीत गुप्ता के तीन संतान में उमंग सबसे छोटा था। उमंग का बड़ा भाई निकेश गुप्ता व बहन साक्षी भसीन है। घटना की सूचना मिलते ही ईदगाह रोड केसरगंज में गुप्ता परिवार में शोक छा गया। घर पर निकेश गुप्ता व उनकी पत्नी है।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
जानकारी अनुसार उमंग और माधवी का विवाह जुलाई 2021 में हुआ था। दोनों शहर के एक निजी बैंक में कर्मचारी थे। उनके चार माह का पुत्र एकांक्ष है। जो दुर्घटना के वक्त साथ में था। वह सुरक्षित है।

ममेरे भाई का विवाह
रिश्तेदारों ने बताया कि गुप्ता परिवार उमंग के ममेरे भाई रजत के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए दो वाहन में यूपी के कासगंज छर्रा जा रहा था। गुप्ता परिवार मंगलवार सुबह 10 बजे रवाना हुआ था।

Published on: