Cylinder Blast In Ajmer: अजमेर में एक घरेलू गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे एक इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कमरे का दरवाजा और खिड़कियां 20 फीट दूर गिरे।
Engineering Student Burnt In Cylinder Blast: अजमेर में नाका मदार क्षेत्र में सोमवार दोपहर घरेलू गैस सिलेंडर में हुए जबरदस्त ब्लास्ट से इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र गंभीर रूप से झुलस गया। धमाका इतना तेज था कि कमरे का लोहे का दरवाजा और खिड़की प्लास्टर सहित उखड़कर करीब 20 फीट दूर जा गिरे, जबकि आसपास के मकानों के कांच टूटकर दूसरे घरों में जाकर गिरे। घायल छात्र को पड़ोसियों ने जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया। उसका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना नाका मदार बैंक कॉलोनी में रहने वाली शिक्षिका उषा शर्मा के मकान की दूसरी मंजिल पर हुई। यहां किराए पर रह रहा इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र कृष्णा सैनी गैस चूल्हे पर अपने कमरे में खाना बना रहा था, तभी अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ कमरे में आग फैल गई।
घायल छात्र ने अपनी पहचान जयपुर कानोता (बस्सी) निवासी कृष्णा पुत्र पूरणमल सैनी के रूप में बताई है। वह राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बड़लिया में आईटी अंतिम वर्ष का छात्र है। कृष्णा ने बताया कि ब्लास्ट के बाद वह कुछ सेकंड तक अचेत हो गया। होश आने पर देखा के कमरे में आग फैली हुई थी। उसने हिम्मत दिखाते हुए मटकी में रखे पानी से बिस्तर और अपने कपड़ों में लगी आग को बुझाया। तब तक आसपास के लोग कमरे के बाहर आ गए।
ब्लास्ट में कृष्णा का चेहरा व शरीर के ऊपरी हिस्सा झुलस गया। एम्बुलेंस मौके पर समय से नहीं पहुंची तो पड़ोसी उसे बाइक पर लेकर निकले। फिर रास्ते में जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पड़ोसी अनिल कुमार ने बताया कि वह घर में ही था। जोरदार धमाके की आवाज आई, जैसे बम फट गया हो। पड़ोसी मकान की खिड़कियों के कांच उड़कर उनके मकान की छत और घर के अंदर तक आ गिरे। मौके पर पहुंचकर देखा तो कमरे का लोहे का दरवाजा करीब 20 फीट दूर पड़ा था जबकि खिड़की प्लास्टर समेत उखड़ चुकी थी।
घटना के बाद मदार क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। पुलिस और गैस एजेंसी स्तर पर ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सिलेंडर में गैस लीकेज या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।