अजमेर

Rajasthan: युवक को अगवाकर जूतों की माला पहनाई, जबरन यूरिन पिलाया, महिला समेत 9 गिरफ्तार

अजमेर जिले में युवक का अपहरण कर अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। विवाहिता के पूर्व पति और उसके परिजन ने युवक को अगवा कर न केवल बंधक बनाकर मारपीट की बल्कि अमानवीय व्यवहार करते हुए जूतों की माला पहनाकर जबरन यूरिन पिलाया।

2 min read
May 17, 2026
युवक के साथ अमानवीय व्यवहार (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक के साथ ऐसी अमानवीयता की गई जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। नाता प्रथा से जुड़ी पुरानी रंजिश में युवक का दिनदहाड़े अपहरण कर उसे बंधक बनाया गया, बेरहमी से पीटा गया और फिर उसके साथ ऐसा व्यवहार किया गया जिसकी कल्पना भर से रूह कांप उठे। युवक को जूतों-चप्पलों की माला पहनाई गई, उसके बाल काटे गए और जबरन यूरिन तक पिलाया गया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: ‘तेरी पूरी थानेदारी निकाल दूंगा…’ चालान से भड़के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने सरेआम ASI को पीटा, वर्दी फाड़ी
जब्त वाहन (फोटो-पत्रिका)

एसपी ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि शनिवार शाम बबायचा निवासी जीतूनाथ के परिजनों ने गेगल थाने में उसके अपहरण की शिकायत दर्ज करवाई। मामला सामने आते ही ग्रामीण सीओ रामचन्द्र चौधरी के निर्देशन में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की। बाद में पुलिस ने जीतूनाथ को दस्तयाब कर लिया।

इन लोगों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रीनगर के बीर निवासी प्रकाशनाथ (23), रविन्द्रनाथ (25), रामलालनाथ (23), विक्रमनाथ (20), देवीलाल नाथ (43), अलवरगेट नेहरूनगर कल्याणीपुरा निवासी हेमराजनाथ (24), गौरूनाथ (22) सहित शायरी (70) पत्नी कामनाथ और सुगना (43) पत्नी रामदेवनाथ को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी (फोटो-पत्रिका)

पिकअप से युवक का अपहरण

पीड़ित जीतूनाथ ने पुलिस को बताया कि 16 मई की सुबह वह अपने ठेकेदार रफीक मोहम्मद के साथ गगवाना स्थित एक खेत में लकड़ी काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान पिकअप में सवार होकर आए आरोपी वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे जबरन वाहन में डालकर अपने साथ ले गए। आरोपियों ने वहां से लकड़ी काटने की मशीनें भी उठा लीं।

गांव में ले जाकर दी गई प्रताड़ना

पीड़ित के अनुसार उसे बीर गांव ले जाकर उसके साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। उसके बाल काट दिए गए, जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर बेइज्जत किया गया और मारपीट की गई। आरोप है कि रामदेव की पत्नी सुगना देवी ने जबरन उसे यूरिन पिलाया। आरोपियों ने उसके परिजनों को फोन कर सामाजिक विवाद के 5 लाख रुपए नहीं देने पर और अधिक प्रताड़ना देने की धमकी भी दी।

नाता प्रथा से हुई थी शादी

जांच में सामने आया कि मामला नाता प्रथा से जुड़ी रंजिश का है। जीतूनाथ ने बताया कि उसकी पत्नी का पहले महेन्द्रनाथ से विवाह हुआ था, लेकिन बाद में संबंध टूटने पर वह पीहर रहने लगी। करीब पांच महीने पहले उसने जीतूनाथ से विवाह कर लिया था। इसके बाद पूर्व पति और उसके परिजन नाता प्रथा के तहत 5 लाख रुपए की मांग कर रहे थे।

ये भी पढ़ें

Churu News: दोस्तों संग पार्टी करने गए युवक की डिग्गी में डूबने से मौत, परिजनों ने सुनियोजित हत्या का लगाया आरोप
Published on:
17 May 2026 07:59 pm
Also Read
View All