17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Churu News: दोस्तों संग पार्टी करने गए युवक की डिग्गी में डूबने से मौत, परिजनों ने सुनियोजित हत्या का लगाया आरोप

चूरू जिले के बीदासर कस्बे से दुखद खबर सामने आई है, जहां दोस्तों के साथ पार्टी करने गए युवक की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। हालांकि परिजनों ने शराब पिलाकर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है।

2 min read
Google source verification

चूरू

image

Kamal Mishra

May 17, 2026

Churu youth death

मृतक राजूराम रेगर (फोटो-पत्रिका)

चूरू। जिले के बीदासर कस्बे में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दोस्तों के साथ पार्टी करने गए 25 वर्षीय युवक की खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित तरीके से हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिता ने शराब पिलाकर डिग्गी में धक्का देने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर राजूराम अपने तीन दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए निमाणा धोरे के पास स्थित एक खेत में गया था। पार्टी के दौरान राजूराम खेत में बनी डिग्गी में नहाने के लिए उतरा, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वह डूब गया। घटना की सूचना उसके दोस्तों ने पुलिस और अन्य लोगों को दी।

मौके पर पहुंचे तहसीलदार

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। करीब तीन घंटे तक चले प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिली। इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे तहसीलदार अमरसिंह बौचला मौके पर पहुंचे तथा सुजानगढ़ के निकट गुलेरिया गांव से गोताखोर चांदरत्न गुलेरिया को बुलाया गया।

रात में निकाला गया शव

रात करीब 9:23 बजे अंडर वाटर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 10:27 बजे युवक राजूराम को डिग्गी से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल राजकीय टांटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को मोर्चरी में रखवाया गया।

अस्पताल के बाहर हुआ हंगामा

रविवार सुबह अस्पताल में परिजनों और समाज के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस हत्या का मामला दर्ज नहीं कर रही है। नाराज परिजन मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी नेमीचंद चौधरी मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश की। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और बाद में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पिता ने दर्ज कराया हत्या का मामला

मृतक राजूराम रेगर के पिता छगनलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच बीदासर से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम हरिनगर की रोही स्थित गोविंदराम पुत्र तिलोकराम रेगर के खेत में यह घटना हुई। खेत में ट्यूबवेल और सिंचाई के लिए बड़ी पानी की डिग्गी बनी हुई है। रिपोर्ट में बताया गया कि राजूराम अपने दोस्तों सुरेश लुहार और चुन्नीलाल दर्जी के साथ बीयर लेकर खेत में गया था, जहां पहले से कास्तकार मोटाराम मौजूद था।

शराब पिलाकर धक्का देने का आरोप

मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि चार-पांच दिन पहले उनके बेटे और गोविंदराम के बीच कहासुनी हुई थी। उसी रंजिश के चलते गोविंदराम ने पार्टी के बहाने उनके बेटे को खेत में बुलाया और शराब पिलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से उसे पानी की डिग्गी में धक्का देकर हत्या कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।