
मृतक रामनिवास जाट (फोटो-पत्रिका)
चूरू। जिले के सरदारशहर क्षेत्र में रतनगढ़-सरदारशहर मेगा हाईवे पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसा राणासर बिकान गांव के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अजीतसर निवासी 34 वर्षीय रामनिवास जाट के रूप में हुई है। वह सरदारशहर में कपड़े की दुकान संचालित करता था और प्रतिदिन अपने गांव अजीतसर से बाइक पर सरदारशहर आना-जाना करता था। रोज की तरह शनिवार को भी वह दुकान का काम खत्म कर अपने गांव लौट रहा था।
जांच अधिकारी एसआई ओमप्रकाश यादव ने बताया कि मृतक के छोटे भाई ओमप्रकाश पुत्र दीपाराम जाट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार रात करीब 8 बजे रामनिवास बाइक से सरदारशहर से अजीतसर जा रहा था। इसी दौरान राणासर बिकान गांव के पास पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामनिवास सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि वाहन चालक हादसे के बाद भी नहीं रुका और युवक को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।
इसके बाद घायल रामनिवास को निजी वाहन की सहायता से राजकीय उपजिला अस्पताल, सरदारशहर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि रामनिवास तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास किया।
Updated on:
17 May 2026 05:34 pm
Published on:
17 May 2026 05:34 pm
