17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bundi News: दर्दनाक हादसा; डंपर की टक्कर से शिक्षक की मौत, स्कूल से घर लौटते समय हुई घटना

Bundi Road Accident : बूंदी जिले के हिण्डोली थाना क्षेत्र के लकड़ेश्वर महादेव रोड कालामाल के निकट एक डंपर की टक्कर से स्कूल से घर लौटते समय शारीरिक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई।

2 min read
Google source verification
Bundi road accident

शारीरिक शिक्षक लोकेश बनवाल।

बूंदी। जिले के हिण्डोली थाना क्षेत्र के लकड़ेश्वर महादेव रोड कालामाल के निकट एक डंपर की टक्कर से स्कूल से घर लौटते समय शारीरिक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रोशंदा सीनियर सेकंडरी विद्यालय में कार्यरत शारीरिक शिक्षा के शिक्षक लोकेश बनवाल (30) विद्यालय से दोपहर एक बजे बाद घर लौट रहे थे। तभी कालामाल के पास पीछे से आ रहे एक डंपर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे बनवाल की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद उन्हें हिण्डोली चिकित्सालय की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। जहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की सूचना मिलते ही पेचकी बावड़ी, कालामाल और हिण्डोली सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और शोक व्यक्त किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

चालक फरार

दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल सवार शिक्षक को कुचलने के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। ग्रामीणों का कहना है कि पगारा रोड पर तेज गति से डंपरों की आवाजाही होती रहती है, जिससे यहां अक्सर हादसे होते हैं। पुलिस ने मामले में डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अनाथ हुई एक वर्ष की मासूम

बनवाल की शादी को दो वर्ष हो चुके हैं। उनके परिवार में एक वर्ष की मासूम बेटी है। हादसे के बाद बच्ची अपने पिता के लौटने का इंतजार करती रह गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन गहरे सदमे में हैं और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार से चलने वाले भारी वाहनों से दूरी बनाए रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन भी सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतने की तैयारी।

पानी से भरी खदान में डूबने से मां व बेटे की मौत

उधर, डाबी थाना क्षेत्र के गुड्डा में पानी से भरी खदान में डूबने से मां व बेटे की मौत हो गई। जानकारी अनुसार खातरी, शाहबाद जिला बारां निवासी सूरज भील अपने परिवार सहित गुड्डा में खदान के पास टपरी में रहकर मजदूरी का काम करता है। सूरज की पत्नी शुनकी बाई (30) अपने चार बच्चों सहित एक पानी से भरी खदान पर कपड़े धोने के लिए गई। यहां चारों बच्चों में से खेलते हुए 4 वर्षीय सोनू अचानक पानी में गिर गया।

बेटे को पानी में डूबते देख मां शुनकी बाई ने भी पानी में छलांग लगा दी। शुनकी को तैरना नहीं आने के कारण वह और पुत्र गहरे पानी में डूब गए। पानी में डूबने की पता चलने पर पति सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और मां व बेटे को पानी से बाहर निकाला। मां व बेटे को पानी से बाहर निकाल कर परिजन तत्काल कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए। यहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।