
तेज रफ्तार स्कॉपियो पलटी (पत्रिका फोटो)
Balotra Bharatmala Expressway Raod Accident: राजस्थान के बालोतरा जिले में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां आसोतरा गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में गाड़ी में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार सभी लोग गुजरात से बाबा रामदेव के दर्शन के लिए रामदेवरा (जैसलमेर) जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी बालोतरा के आसोतरा गांव के पास भारतमाला एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी अचानक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई।
गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो बेकाबू होकर सड़क पर कई बार पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह चकनाचूर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि गाड़ी में सवार तीन लोग उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बालोतरा के पुलिस अधीक्षक (SP) रमेश समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। शुरुआत में गाड़ी में 6 लोगों के होने की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस जांच में पता चला कि गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हादसे का कारण ड्राइवर को झपकी आना और गाड़ी की तेज रफ्तार लग रहा है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की पूरी बारीकी से जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को रास्ते से हटाकर सुचारू करवाया। पुलिस अब मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी दी जा सके।
Updated on:
17 May 2026 02:21 pm
Published on:
17 May 2026 02:12 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
