
पुलिस जीप। फाइल फोटो- पत्रिका
बाड़मेर। चौहटन थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय मासूम छात्र के साथ कुकर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक शिक्षक ने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी तब सामने आई, जब किसी व्यक्ति ने बच्चे के परिजनों को घटना से जुड़ा वीडियो भेजा। वीडियो देखने के बाद परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया।
परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक सहित दो जनों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी रज्जाक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे आरोपी की भूमिका और संलिप्तता को लेकर पुलिस गहन जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मामले में सरकारी स्कूल का एक शिक्षक भी शामिल है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच और साक्ष्यों की पुष्टि के बाद ही आगे गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार यह घटना करीब एक माह पहले 10 अप्रेल की बताई जा रही है। घटना के बाद लंबे समय तक मामला सामने नहीं आया। बाद में वीडियो परिजनों तक पहुंचने पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और एक आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस अब वीडियो की सत्यता, घटना के समय और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मासूम के साथ हुई इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में घटना सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश का माहौल है।
उधर, सर्किट हाउस स्थित कांग्रेस कार्यालय के पास एक दर्दनाक हादसे में स्कूल व्याख्याता की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार व्याख्याता मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। तेज गर्मी और उमस के चलते उनका शरीर पसीने से भीगा हुआ था। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे लगे बिजली के लोहे के खंभे का सहारा लिया, तभी अचानक करंट प्रवाहित होने से वे उसकी चपेट में आ गए। जोरदार झटका लगने से वे मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
Updated on:
16 May 2026 03:55 pm
Published on:
16 May 2026 03:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
