
आग से झुलसे किसान को जोधपुर रेफर किया (पत्रिका फोटो)
बाड़मेर: बाड़मेर जिले के बाखासर थाना क्षेत्र के साता गांव में गुरुवार को जमीन के रुपए नहीं मिलने से परेशान एक किसान ने आरोपी के घर के आगे खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना में किसान करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार, सुहाणी गांव निवासी किसान लक्ष्मीदान (55) पुत्र वीरदान ने वर्ष 2019 में साता गांव निवासी भंवरदान को 40 बीघा जमीन 20 लाख रुपए में बेची थी।
आरोप है कि उस समय 10 लाख रुपए देकर जमीन की रजिस्ट्री करवा ली गई, जबकि शेष 10 लाख रुपए बाद में देने का भरोसा दिया गया था। लंबे समय तक रुपए नहीं मिलने से दोनों पक्षों के बीच विवाद चलता रहा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी भंवरदान न तो बाकी राशि दे रहा था और न ही किसान लक्ष्मीदान को जमीन में प्रवेश करने दे रहा था। इससे परेशान होकर लक्ष्मीदान गुरुवार सुबह करीब 15 किलोमीटर दूर साता गांव पेट्रोल लेकर पहुंचा। यहां जमीन को लेकर दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ।
इसके बाद किसान लक्ष्मीदान ने भंवरदान के घर के बाहर ही अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे लक्ष्मीदान के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची, लेकिन उस समय किसान बयान देने की स्थिति में नहीं था। प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया।
बाखासर थानाधिकारी राजूराम ने बताया कि जमीन बेचने के बाद लक्ष्मीदान के भाइयों को जानकारी मिली तो उन्होंने सौदा सस्ता होने की बात कहते हुए विरोध किया। इसके बाद किसान लक्ष्मीदान जमीन वापस दिलाने की मांग भी करता रहा। वहीं, बाकी रुपए नहीं मिलने से विवाद लगातार बढ़ता गया।
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले भंवरदान जेसीबी से जमीन की सफाई करवा रहा था। इस दौरान लक्ष्मीदान ने विरोध किया, लेकिन उसे जमीन पर आने से रोक दिया गया। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Updated on:
15 May 2026 12:30 pm
Published on:
15 May 2026 12:30 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
