
किशनगढ़ (अजमेर)। किशनगढ़ एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इंडिगो एयरलाइंस 1 जुलाई से दिल्ली और 2 जुलाई से नोएडा (जेवर) के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। एयरलाइन ने दोनों रूट पर ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। नई सेवाओं के शुरू होने से अजमेर संभाग, मार्बल उद्योग और एनसीआर के बीच हवाई संपर्क मजबूत होगा। साथ ही व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, चिकित्सा और धार्मिक यात्राओं को भी इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
नए शेड्यूल के तहत 1 जुलाई से दिल्ली और 2 जुलाई से जेवर के लिए संचालन शुरू होगा। एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन ने नई सेवाओं के संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। क्षेत्र के लोगों के लिए यह लंबे समय से अपेक्षित सुविधा मानी जा रही है। साथ ही किशनगढ़ एयरपोर्ट के विस्तार के लिहाज से भी यह उपलब्धि अहम है। भविष्य में यदि मुंबई, अहमदाबाद सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू होती हैं तो किशनगढ़ एयरपोर्ट राजस्थान के प्रमुख क्षेत्रीय एयर हब के रूप में विकसित हो सकता है।
इंडिगो 1 जुलाई से दिल्ली-किशनगढ़-दिल्ली सेक्टर पर सप्ताह में चार दिन उड़ान संचालित करेगी। यह सेवा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। निर्धारित समय के अनुसार विमान दोपहर 2.35 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेगा और अपराह्न 3 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा। इससे राजधानी दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक हवाई सेवा उपलब्ध होगी।
दिल्ली के बाद 2 जुलाई से नोएडा (जेवर)-किशनगढ़-नोएडा सेक्टर के लिए भी नई हवाई सेवा शुरू होगी। यह उड़ान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विमान सुबह 11.35 बजे किशनगढ़ पहुंचेगा और सुबह 11.55 बजे जेवर के लिए रवाना होगा। जेवर एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी मिलने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) तक पहुंच और अधिक आसान होगी। साथ ही भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
किशनगढ़ एयरपोर्ट के निदेशक बी. एस. मीणा ने बताया कि इंडिगो नए शेड्यूल के अनुरूप दिल्ली और जेवर के लिए नई हवाई सेवाएं शुरू कर रही है। दोनों रूट की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है और उड़ान संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।