अजमेर

Devotion: अजमेर का भ्रमण करेंगे भगवान जगन्नाथ, रथ को खींचेंगे हजारों लोग

रथ यात्रा जनकपुरी गंज से प्रारम्भ होकर इन्हीं मार्ग-क्षेत्रों से होते हुए ऋषि घाटी स्थित जगदीश मन्दिर पहुंचेगी।
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2018, 8:54 AM IST
lord jagantha
lord jagantha

अजमेर

श्री अग्रवाल पंचायत मारवाड़ी धड़ा के तत्वावधान में शनिवार से जनकपुरी गंज में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव प्रारंभ होगा। नौ दिवसीय महोत्सव के दौरान कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

अध्यक्ष दीपचन्द श्रीया ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत रथयात्रा से होगी। इस दौरान श्रद्धालु अपने हाथों से भगवान जगन्नाथ का रथ खींचेंगे। रविवार से 21 जुलाई तक शाम 6 बजे जगदीश महात्मय का आयोजन होगा। कथावाचक हरिशचन्द व्यास होंगे। शाम 7:30 बजे प्रतिदिन भगवान जगन्नाथ की आरती होगी। पुरी की तर्ज पर बनाया विशेष प्रसाद (अटका) का वितरण किया जाएगा। यह प्रसाद देशी घी, दूध, चावल, शर्करा, मेवा एवं केसरयुक्त होगा।

संयोजक ललित डीडवानिया और राकेश डीडवानिया ने बताया कि शनिवार शाम 5:30 बजे ऋषि घाटी स्थित जगदीश मन्दिर से रथयात्रा प्रारंभ होगी। यह गंज, आगरा गेट, नया बाजार चौपड़, गोल प्याऊ, चूड़ी बाजार, गांधी भवन चौराहा, मदार गेट, नला बाजार, दरगाह बाजार, धान मंडी, देहली गेट होते हुए जनकपुरी गंज पहुंचेगी। इसी तरह 22 जुलाई को रथ यात्रा जनकपुरी गंज से प्रारम्भ होकर इन्हीं मार्ग-क्षेत्रों से होते हुए ऋषि घाटी स्थित जगदीश मन्दिर पहुंचेगी। नया बाजार चौपड़ में चारभुजा मन्दिर के पुजारी आरती करेंगे।

सचिव छोटेलाल गोयल ने बताया कि15 जुलाई को जनकपुरी गंज में एक शाम भगवान जगन्नाथ के नाम में जयपुर के अमित नामा भजन पेश करेंगे। वहीं 16 जुलाई को एक शाम गौरी शंकर के नाम में दिल्ली के राजेश लोहिया, 17 को एक शाम बालाजी के नाम में ग्वालियर की रश्मि ओझा, 18 को एक शाम राधेरानी के नाम में जयपुर की सुरभि चतुर्वेदी, 19 को एक शाम बांके बिहारी के नाम में दिल्ली की ऋतु पंचाल, 20 को एक शाम श्याम के नाम में गुडग़ांव के नरेश सैनी, 21 को एक शाम खाटू श्याम के नाम में विमल गर्ग भजन प्रस्तुत करेंगे। फाग, झूला महोत्सव और नौका विहार के साथ साथ मनोज एंड रिया पार्टी झांकियां पेश करेगी।

शनिवार तक आवंटित कॉलेज में रिपोर्ट

पीटीईटी, बीए/बीएससी बी.एड4. प्रवेश पूर्व परीक्षा-2018 की प्रथम काउंसलिंग में शामिल अभ्यर्थियों का कॉलेज में रिपोर्टिंग में करना जारी है। अभ्यर्थी शनिवार तक आवंटित कॉलेज में रिपोर्ट कर सकेंगे।
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय ने पीटीईटी की प्रथम काउंसलिंग के तहत अभ्यर्थियों को दो और चार वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम वाले कॉलेज आवंटित किए हैं। इसमें दो वर्षीय बीएड कोर्स के 99 हजार 199 और चार वर्षीय बीए और बीएससी बीएड पाठ्यक्रम के 20 हजार 301 अभ्यर्थी शामिल हैं। तयशुदा कार्यक्रम के तहत अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को बकाया प्रवेश शुल्क जमा कराया। शनिवार को आवंटित कॉलेज में रिपोर्टिंग करने की अंतिम तिथि होगी।

Published on: