
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय की सालाना परीक्षाओं के फॉर्म भरने जारी हैं। मंगलवार को बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुब्रतो दत्ता ने बताया कि विद्यार्थी ई-मित्र के अलावा खुद के लैपटॉप, डेस्कटॉप एवं मोबाइल से विवि की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। फीस का भुगतान ई-मित्र अथवा डेबिट-क्रेडिट कार्ड, नेटबैंकिंग के माध्यम से कर सकते हैं। भरे हुए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म मय शैक्षिक दस्तावेजों की फोटो प्रति के साथ 11 जनवरी तक महाविद्यालय अथवा परीक्षा केन्द्र में जमा करा सकेंगे।
विलंब शुल्क से फॉर्म....
100 रुपए विलम्ब शुल्क-11 से 14 जनवरी
परीक्षा शुल्क के बराबर विलंब शुल्क-15 से 18 जनवरी
पढ़ें यह खबर भी: 13 जनवरी को मंदिरों के पट बंद रख कर जताएंगे विरोध
अजमेर. राजस्थान ब्राह्मण महासभा व ब्राह्मण संघर्ष समिति की बैठक पं. सुदामा शर्मा की अध्यक्षता में गौड़ ब्राह्मण धर्मशाला माल रोड में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय किया गया कि 13 जनवरी को शहर के पंडि़त पुरोहित अपने मंदिर के पट बंद रखेंगे व ब्राह्मण समाज अपने कार्य स्थल पर भी कामकाज का बहिष्कार करेंगे।
उन्होंने बताया कि अग्रवाल पंचायत धड़ा जनकपुरी गंज स्थित जगदीश मंदिर में कार्यरत पुजारी पंडित गोविंद के आत्मदाह प्रकरण में दोषियों की गिरफ्तारी, मुआवजा व दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, पीड़ित परिवार को एक व्यक्ति को संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन प्रशासन की ओर से दिया गया था। इनमें से एक भी मांग पूरी नहीं की गई। पीडि़त परिवार को 5 लाख रुपए की देने की घोषणा भी की गई थी लेकिन अग्रवाल समाज ने इसे भी पूरा नहीं किया है। उन्होंने बताया कि पीडि़त परिवार को राजीनामे के लिए भी दबाव डाला जा रहा है।
करेंगे प्रदर्शन व धरना
संपूर्ण ब्राह्मण समाज 13 जनवरी सुबह 10 बजे डाक बंगला के बाहर से एकत्रित होकर रैली के रूप में पुलिस महानिरीक्षक व संभागीय आयुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने जाएंगे। इसके बाद धरना दिया जाएगा। डॉ. योगेंद्र ओझा ने बताया कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। पीड़ित भरत शर्मा ने बताया कि 13 जनवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। बैठक में युवा कार्यकारी अध्यक्ष लोकेश भिंडा, अभिषक शर्मा, लोकेश शर्मा, नरेश मुद्गल, गगन, मनमोहन शर्मा, आशीष शर्मा आदि मौजूद थे।