
अवैध पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार। फोटो: पत्रिका
अजमेर। जिला स्पेशल पुलिस टीम ने पुष्कर थाना क्षेत्र के तिलोरा गांव में कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हथियार के स्रोत और उसके संभावित आपराधिक नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में जिला स्पेशल पुलिस टीम प्रभारी शंकरसिंह रावत के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
अजमेर जिला स्पेशल पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तिलोरा स्थित बाबा रामदेव पिकअप बॉडी वर्क्स शॉप पर कार्यरत एक युवक के पास अवैध हथियार है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम के पहुंचते ही संदिग्ध युवक मौके से भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान तिलोरा निवासी विजय पुत्र मदनलाल धानका बताया। तलाशी में आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने जब हथियार के लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पुष्कर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध पिस्टल उसे कहां से मिली, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और उसका उद्देश्य क्या था। मामले की जांच पुष्कर थाना पुलिस कर रही है।
कार्रवाई में जिला स्पेशल पुलिस टीम के प्रभारी शंकरसिंह रावत के साथ हेड कांस्टेबल रतनसिंह, महिपालसिंह राठौड़, सिपाही कांस्टेबल गजेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इधर, पुष्कर थाना पुलिस ने सांसी बस्ती निवासी राहुल सांसी (22) को 40.35 ग्राम गांजा तथा 2.58 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। थानाधिकारी अशोक बिस्सु के नेतृत्व में पुलिस टीम की गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान सांसी बस्ती में संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 40.35 ग्राम गांजा तथा 2.58 ग्राम स्मैक बरामद की गई। साथ ही मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त होने का संदेह होने पर 5,400 रुपए की नकदी जब्त की गई। आरोपी राहुल पुत्र प्रकाश सांसी, के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
Updated on:
30 Jul 2026 02:10 pm
Published on:
30 Jul 2026 02:10 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
