अजमेर

Ajmer: किशोरी की खुदकुशी मामले में आया नया मोड़, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप; 5 घंटे चले प्रदर्शन के बाद FIR दर्ज

राजस्थान के अजमेर जिले में मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक किशोरी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिजनों के आरोप के बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
2 min read
Jul 20, 2026
Gandhinagar Police Station, Ajmer
गांधीनगर पुलिस थाना। फोटो: पत्रिका

अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक किशोरी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिजनों के आरोप के बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। मदनगंज-किशनगढ़ क्षेत्र के गांधीनगर थाने के बाहर करीब पांच घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे परिजन अजमेर जिले के गांधीनगर थाने पहुंचे और प्रकरण में दो युवकों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। परिजन का आरोप रहा कि दोनों युवक सोशल मीडिया के माध्यम से किशोरी को लगातार परेशान कर रहे थे और उसे धमकियां दे रहे थे। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर किशोरी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े परिजन

धरने के दौरान गांधीनगर थाना पुलिस ने कई बार परिजन से समझाइश का प्रयास किया, लेकिन वे पहले एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। बाद में मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस अधीक्षक अजेयसिंह राठौड़ ने भी परिजन से बातचीत कर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

5 घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन, तब दर्ज किया केस

करीब पांच घंटे तक चले धरने के बाद दोपहर लगभग 1.30 बजे पुलिस ने किशोरी के पिता की रिपोर्ट पर नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद परिजन ने धरना समाप्त किया और पोस्टमार्टम के लिए सहमति दी। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। धरना-प्रदर्शन के दौरान कई बार परिजन और पुलिस के बीच तीखी नोक-झोंक की स्थिति भी बनी। हालांकि पुलिस अधिकारियों की समझाइश और आपसी संवाद से माहौल शांत रहा। पुलिस ने परिजन को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ट्रेन के आगे कूदकर किशोरी ने की थी खुदकुशी

गौरतलब है कि शनिवार शाम रूपनगढ़ रोड आरओबी और पुराने रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई थी। सूचना पर गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को राजकीय यज्ञनारायण जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया था।

Updated on:
20 Jul 2026 02:04 pm
Published on:
20 Jul 2026 01:59 pm