19 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उत्तराखंड के जंगल में मिला राजस्थान के दंपती का शव, 6 महीने पहले शादी, प्रेग्नेंट थी पत्नी; खुशियां आने से पहले घर में मातम

सतविंदर और अमनदीन कौर की शादी करीब छह माह पूर्व हुई थी। अमनदीप गर्भवती थी। घर में खुशियां आने वाली थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। तीन दिन पहले सतविंदर अपनी पत्नी अमनदीप को लेने उत्तराखंड गया।
2 min read
Google source verification

अलवर

image

Anil Prajapat

Jul 19, 2026

Satvinder and Amandeep Kaur Death

सतविंदर सिंह और अमनदीप कौर। पत्रिका फाइल फोटो

अलवर/नौगांवा। सतविंदर और अमनदीन कौर की शादी करीब छह माह पूर्व हुई थी। अमनदीप गर्भवती थी। घर में खुशियां आने वाली थीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। तीन दिन पहले सतविंदर अपनी पत्नी अमनदीप को लेने उत्तराखंड गया। अगले दिन दोनों बाइक पर सवार होकर घर निकले, लेकिन लौटे नहीं। काफी तलाश के बाद दोनों के शव पेड़ से लटके मिले। सतविंदर स्नातक की पढ़ाई कर रहा था।

परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किए जाने की मांग कर रहे हैं।

अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के गांव प्यारी बास शेखपुर निवासी दंपती की उत्तराखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव जंगल में पेड़ से लटके मिले हैं। शनिवार को दोनों शव गांव पहुंचने पर मातम छा गया। नौगांवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने तथा निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

थानाधिकारी हरदयाल सिंह यादव पुलिस जाब्ते के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर समझाइश की तथा कानून सम्मत कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों शव गांव ले जाए गए, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

सड़क किनारे खड़ी मिली बाइक

परिजनों के अनुसार, 17 जुलाई को प्रेमनगर के एक व्यक्ति की नजर सड़क किनारे खड़ी बाइक पर पड़ी। बाइक में चाबी लगी हुई थी और उस पर लेडिज बैग टंगा हुआ था। बाइक पहचानने पर उसने इसकी परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। रात करीब एक बजे पुलिस को जंगल में एक पेड़ से लटके दोनों के शव मिले। युवक का शव महिला के दुपट्टे से तथा युवती का शव युवक की दस्तार (पगड़ी) से लटका हुआ था।

चार-पांच दिन पहले पीहर गई थी अमनदीप कौर

सतविंदर सिंह का विवाह इसी वर्ष जनवरी माह में उत्तराखंड के प्रेमनगर निवासी अमनदीप कौर के साथ हुआ था। विवाह के बाद दोनों का दांपत्य जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। करीब चार-पांच दिन पहले अमनदीप अपने पीहर प्रेमनगर गई थी। उसे वापस लाने के लिए सतविंदर 15 जुलाई को उत्तराखंड गया था।

इसके अगले दिन 16 जुलाई को दोनों बाइक से मोबाइल ठीक कराने कोटद्वार के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर कई बार फोन किए, लेकिन दोनों के मोबाइल स्विच ऑफ मिले। चिंता बढ़ने पर स्थानीय पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।