19 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान: टेम्पो में इंतजार करती रही पत्नी, चाय लेने गया पति हुआ हादसे का शिकार, 2 की मौत

Ajmer Road Accident : राजस्थान के अजमेर जिले में एक तेज रफ्तार कार ने दो लोगों को कुचल दिया। दोनों घायलों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
2 min read
Google source verification
ajmer road accident

हादसे में क्षतिग्रस्त टेम्पो और मृतक पंकज। फोटो पत्रिका नेटवर्क

अजमेर। जिले में गेगल के पास गगवाना बालाजी मंदिर के पास कुछ ही सेकंड में दो मेहनतकश परिवारों की जिन्दगी बिखर गई। गांव-गांव जाकर फुटकर सामान बेचकर परिवार का पेट पालने वाला पंकज आसवानी सिर्फ चाय लेने रुका था। हाथ में चाय थी और कुछ कदम चलकर पत्नी के पास लौटना था। लेकिन इससे पहले ही तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। दूसरी ओर एक अन्य टेम्पो के नीचे ग्रीसिंग कर रहा रहमान भी उसी हादसे का शिकार बन गया। सड़क पर बिखरी चाय, चीखती पत्नी व बेसुध परिजन उस भयावह मंजर को देखकर दहल गए।

अजयनगर की संत कंवरराम कॉलोनी निवासी पंकज आसवानी (35) अपनी पत्नी निकिता उर्फ जाह्नवी के साथ शनिवार शाम को लोडिंग टेम्पो में झाड़ू, पोछा, वाइपर और चप्पल जैसे घरेलू सामान बेचकर लौट रहा था। गगवाना-गेगल क्षेत्र में बिक्री के बाद दोनों ने बालाजी मंदिर के पास ले-बॉय में टेम्पो रोका व पंकज चाय लेने थड़ी पर चला गया जबकि निकिता टेम्पो में बैठी रही।

निकिता ने बताया कि पति चाय लेकर वापस लौट ही रहे थे कि अजमेर की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने सामने खड़े एक टेम्पो को टक्कर मारने के बाद उनके टेम्पो से टकराते हुए पंकज को कुचल दिया। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि सम्भलने का मौका तक नहीं मिला।

एक टेम्पो के नीचे रहमान, दूसरे के पास पंकज… दोनों नहीं बचे

पहली टक्कर का शिकार किशनगढ़ के वार्ड-11 स्थित भिश्तियों का मोहल्ला निवासी रहमान (43) पुत्र सतार बना। वह टेम्पो के नीचे लेटकर ग्रीस का काम कर रहा था। कार की भीषण टक्कर से वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

टूटा इकलौता सहारा

पंकज अपने पूरे परिवार की उम्मीद था। उसके पिता मोहनलाल आसवानी लकवाग्रस्त हैं। घर में बुजुर्ग मां, पत्नी निकिता, मासूम बेटी और परिवार की अन्य जिम्मेदारियां भी उसी के कंधों पर थीं। रोज सुबह टेम्पो में सामान भरकर निकलना और शाम को मेहनत की कमाई लेकर लौटना उसकी दिनचर्या थी। शनिवार शाम वह लौटा तो सही, लेकिन कफन ओढ़कर। अस्पताल में मौत की खबर सुनते ही निकिता ने सुधबुध खो दी। दूसरी ओर बूढ़ी मां अपने आंसुओं को रोककर बहू को ढांढस बंधाने की कोशिश करती रही।

रहमान के घर पसरा मातम

रहमान रोज की तरह मेहनत-मजदूरी कर परिवार की रोजी-रोटी जुटाने निकला था। हादसे की खबर मिलते ही किशनगढ़ स्थित घर में मातम छा गया। सूचना पर परिजन देर शाम जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचे। जानकारी अनुसार रहमान भी बूढ़े माता-पिता का इकलौती संतान थी। उसके चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

पुलिस ने पकड़ा आरोपी

हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे कार चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ कर पिटाई कर दी। सूचना पर गेगल थाना पुलिस के एएसआई मोइनुद्दीन जाप्ते के साथ पहुंचे। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर क्षतिग्रस्त कार, टेम्पो जब्त कर ली। पुलिस ने कार के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर दोनों शव का परिजनों को सौंप दिया।