अजमेर

फैक्ट्री की नर्सरी में नजर आया ये पैंथर, दहशत में है पूरा इलाका

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
• •
Updated: 7 Feb 2019, 9:26 AM IST
panther
panther

ब्यावर/ मसूदा.

अंधेरीदेवरी के पास स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री के पीछे बनी नर्सरी में पैंथर नजर आया। इसकी सूचना पर क्षेत्रवासियों में हडक़म्प मच गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने मौके पर देर रात पिंजरा लगा दिया। क्षेत्र में लगातार पैंथर के विचरण करने से ग्रामीणों में भय हुआ बना है।

सीमेंट परिसर के पीछे की ओर बनी नर्सरी में पैंथर नजर आने के बाद सीमेन्ट कार्मिक ने शोर मचाया। इसके चलते मौके पर पहुंचे फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड ने उस क्षेत्र में कार्य कर रहे श्रमिकों को वहां से हटाया एवं वन विभाग व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय वन अधिकारी मुलकेश सालवान, ब्यावर वनपाल रेखा, मसूदा वनपाल महेंद्र चौधरी, रोहित नाथ इत्यादि ने पगमार्ग उठाए एवं पिंजरा लगाने की कवायद शुरू की।

लगवाया पिंजरा

निकटवर्ती ग्राम कूंपा का बाडिया क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे को मंगवाया गया। जिसे देर रात पैंथर की मौजूदगी वाले क्षेत्र में लगाया गया। वहीं वनकर्मी पैंथर की तलाश में घूम रहे हैं। गौरतलब है कि आसपास के क्षेत्र में पैंथर ने पिछले दो महीनों से लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करा रखी है। क्षेत्र में बीते दो माह में चार हमले की घटनाएं हुई और लोग भी जख्मी हुए। भेड़ व बकरियों को भी पैंथर ने मौत के घाट उतार डाला।

Published on: