
अजमेर/ भिनाय. भिनाय के प्रतापपुरा में युवक को पेड़ से उल्टा लटकााकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को युवक के परिजन सैकड़ों ग्रामीण के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने एसपी राजेन्द्र सिंह के समक्ष घटना की तस्वीरें पेशकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी को प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।
जोताया की खेड़ी निवासी भागचन्द ने बताया कि उसके बेटे कमलेश के साथ प्रतापपुरा में 21 अप्रेल को मदन, सुरेन्द्र, पांचू, मोती समेत अन्य ने पहले खेत और फिर गांव में नीम के पेड़ के बांधकर बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद उसने भिनाय थाने में शिकायत दर्ज करवाई लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया।
आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपितों की गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की मांग की। एसपी ने पीडि़त परिवार की बात को सुनकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। भागचन्द रावत ने कहा कि उन्हें न्याय नहीं मिला तो पूरा गांव एकत्र होकर कलक्ट्रेट पर धरना देगा।
गांव में मौजूदगी पर संदेह
पत्रिका पड़ताल में सामने आया कि कमलेश 21 अप्रेल को छोगालाल पुत्र गोपाल रावत के साथ बाइक पर प्रतापपुरा गांव बहन की शादी के कार्ड बांटने गया था। प्रतापपुरा से करांटी जाने के दौरान मोती, सुरेन्द्र, मदन, पांचू समेत अन्य युवक उनका पीछा करते हुए बाइक और कार में आए। उन्होंने कमलेश पर लाठी, सरियों से हमला कर दिया।
छोगालाल हमलावरों से बचकर निकल गया। उसने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। प्रतापपुरा व दौलतपुरा के ग्रामीण पहुंचे तो कमलेश बेहोशी की हालत में पेड़ पर लटका हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोती व उसके साथियों ने कमलेश के प्रतापपुरा आने पर शक करते हुए मारपीट की। जबकि कमलेश के परिजन का कहना है कि वह शादी के कार्ड देने प्रतापपुरा गांव गया था जबकि दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को परिवाद देकर महिला से अभद्रता का आरोप लगाया है।
युवक से मारपीट का परिवाद आया है। भिनाय थाना पुलिस को प्रकरण दर्ज करने व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(केकड़ी) को प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि दोनों पक्षों ने परिवाद दिया था। मामले की जांच की जा रही है।
-राजेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अजमेर