
अजमेर. शहर में महिलाओं के साथ से पर्स व मोबाइल फोन छीनने वाले बाइकर्स गैंग का सोमवार को क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के तीन गुर्गों को दबोचा है। आरोपितों से पुलिस ने लूट का माल बरामद किया है। पुलिस मामले में गहनता से पड़ताल में जुटी है।पुलिस उपअधीक्षक(उत्तर) डॉ. दुर्गसिंह राजपुरोहित ने बताया कि शहर में लम्बे समय से महिलाओं के साथ से पर्स छीनने की वारदातें पेश आ रही थी।
एसपी राजेन्द्रसिंह के आदेश पर क्रिश्चियनगंज थानाप्रभारी धर्मवीरसिंह के नेतृत्व में एएसआई कुन्दनसिंह, हैडकांस्टेबल भगवान सिंह, सिपाही गोपाल सिंह, रामनिवास, जगवीरसिंह, श्योनारायण, वल्लभ ने पीडि़ताओं के बताए हुलिए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह की तलाश शुरू की। पुलिस टीम लगातार वारदात, घटनास्थल पर निगरानी बनाते हुए सूचनाएं जुटाई।
पुलिस ने माकड़वाली निवासी सत्यनारायण उर्फ सत्तू पुत्र रामलाल गुर्जर, सद्दाम हुसैन पुत्र चांद खां, पुष्कर छोटी होकरा निवासी जितेन्द्रसिंह उर्फ सिकन्दर पुत्र रामपाल रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की पड़ताल में आरोपितों ने 26 अप्रेल को क्रिश्चियनगंज शिव मंदिर के पास पर्स छीनने की वारदात उगल दी। पुलिस ने 26 अप्रेल को इन्द्र कुमार उर्फ सोनू की माताजी का पर्स छीनने के मामले में आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में पीडि़त इन्द्र कुमार और उसकी माताजी स्कूटर का संतुलन बिगड़ जाने से गिरकर जख्मी भी हो गए थे।
रैकी कर वारदात
सीओ डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि तीनों आरोपित बाइक से अजमेर शहर में गलियों व सूनसान क्षेत्र में रैकी करते है और वृद्ध व अकेली महिला नजर आने पर अपने साथी सद्दाम को दूर छोड़ कर सत्तू उर्फ सत्यनारायण व सिकन्दर महिलाओं के हाथ से पर्स, मोबाइल छीन कर बाइक पर भाग जाते है। रास्ते में पर्स व लूट का माल सद्दाम को देकर खुद वहां से दूर चले जाते है ताकि पकड़े जाने पर भी तलाशी में उनके पास से कोई पर्स/ मोबाइल बरामद न हो सके।
पकड़े जा चुके हैं पहले
डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि गिरोह में शामिल सिकन्दर व सत्तू उर्फ सत्यनारायण के खिलाफ पूर्व में पर्स व चेन लूट का मामला क्रिश्चियन गंज थाने में दर्ज है। दोनों को पुलिस पूर्व में भी डकैती का साजिश रचते रंगे हाथ पकड़ा था। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि गिरोह राह चलती महिलाओं का पीछा करके हाथ से पर्स, मोबाइल पर झपट्टा मारकर वारदात अंजाम देते हैं। गिरोह ने कोतवाली, गंज, पुष्कर और क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र में वारदात अंजाम देना कबूला है।
यह वारदातें कबूली
-सुभाष उद्यान के सामने महिला से पर्स छीना
-वैशालीनगर पेट्रोल पम्प के पीछे महिला के हाथ से पर्स छीना
-टेलीफोन एक्सचेंज चौराया फॉयसागर रोड से एक महिला के हाथ से पर्स छीना
-मित्तल अस्पताल के पीछे सिनेवल्र्ड के पास महिला के हाथ से पर्स छीना
-पुष्कर रोड बालाजी के मंदिर के पास से स्कूटर पर जाती महिला के हाथ से पर्स छीना
-पुष्कर रोड पीर बाबा की मजार के पास महिला के हाथ से पर्स छीना
-शास्त्रीनगर रोड कब्रिस्तान के सामने महिला के साथ से पर्स छीना
-वैशालीनगर संतोषी माता मंदिर के सामने से महिला के साथ से पर्स छीना
-वैशालीनगर से रीजनल कॉलेज तिराहा के बीच महिला से पर्स छीना
-फॉयसागर रोड पर एक महिला के हाथ से पर्स छीना
-क्रिश्चियन गंज शिव मंदिर के पास से एक महिला के हाथ से पर्स छीना
-वैशालीनगर पेट्रोल पम्प के पीछे एक महिला के हाथ से पर्स छीना