
अजमेर.
निर्वाचन विभाग की ओर से बूथों के स्थान परिवर्तन को लेकर आरोप सामनेआए हैं। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से निर्वाचन व पंजीयन अधिकारी कलक्टर आरती डोगरा को ज्ञापन सौंप कर बूथों की स्थिति पर पुर्नविचार करने की बात कही है।
कांग्रेस प्रवक्ता मुजफ्फर भारती ने बताया कि निर्वाचन विभाग ने नियमों का हवाला देते हुए शहर के कई बूथों पर निर्धारित 1420 मतदाता से अधिक होने पर उनके ऑक्सीलेरी या सहायक बूथ बनाने का निर्णय किया है। ऐसे में कुछ बूथों की स्थिति पर कांग्रेस ने सवालिया निशान उठाते हुए विरोध जताया है।
कांग्रेस का कहना है कि निर्वाचन विभाग खादिम मौहल्ला स्थित ईमाम बाड़े में बने दो बूथों के ऑक्सीलेरी बूथ किंग एडवर्ड मेमोरियल गैस्ट हाउस में बनाए जा रहे हैं। भारती ने बताया कि जब खादिम मौहल्ले में ही बूथों पर महिला मतदाता नहीं पहुंच पाते तो वह खादिम मौहल्ले से किंग एडवर्ड मेमोरियल गैस्ट हाउस में कैसे पहुंच पाएगा।
कांग्रेस ने प्रशासन को सुझाव दिया कि सहायक बूथ बनाने हैं तो इन्हें दरगाह कमेटी कार्यालय में बनाए जा सकते हैं यहां पर्याप्त स्थान भी है और मतदाताओं खासकर महिला मतदाताओं को भी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।