अजमेर

प्राध्यापक भर्ती परीक्षा तय समय पर होगी : आयोग

rpsc news : राजस्थान लोकसेवा आयोग ने प्राध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा- 2018 तय समय पर कराने की तैयारी कर ली है। परीक्षा आगे खिसकाने की चल रही मांग और पंचायत चुनाव को लेकर जताई जा रही आशंकाओं के बीच आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि फिलहाल आयोग की तरफ से परीक्षा स्थगित किए जाने का कोई विचार नहीं है।

less than 1 minute read
Nov 30, 2019
Feature image

अजमेर. राजस्थान लोकसेवा आयोग (rpsc) ने प्राध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा- 2018 तय समय पर कराने की तैयारी कर ली है। परीक्षा आगे खिसकाने की चल रही मांग और पंचायत चुनाव को लेकर जताई जा रही आशंकाओं के बीच आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि फिलहाल आयोग की तरफ से परीक्षा स्थगित किए जाने का कोई विचार नहीं है।

आयोग की ओर से परीक्षा की तिथि 3 से 13 जनवरी 2020 तक के लिए घोषित की गई है। इसे लेकर कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा आगे खिसकाने की मांग की है। उधर, कई अभ्यर्थी परीक्षा समय पर कराए जाने के पक्ष में भी है। ऐसे में आयोग ने साफ किया है कि परीक्षा की तिथि यथावत रहेंगी।

पहले भी हो चुकी हैं स्थगित

आयोग ने इस साल 15 से 23 जनवरी तक माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2018 कराना तय किया था। इसको लेकर अभ्यर्थियों ने जयपुर सहित कई जगह धरने-प्रदर्शन किए। सरकार की अनुशंषा पर आयोग ने 15 से 19 जुलाई और 22 से 25 जुलाई तक कराना तय किया। इस दौरान विशेष योग्यजन, एसबीसी-एमबीसी आरक्षण के चलते आयोग को दोबारा फार्म भरवाने पड़े। ऐसे में आयोग ने पिछले दिनों ही कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार 3 से 13 जनवरी 2020 तक परीक्षा होगी।

... तो बढ़ेगी परेशानी

प्रदेश में जनवरी-फरवरी में पंचायत राज चुनाव की संभावनाएं जताई जा रही है। ऐसे में आयोग के कुछ कर्मचारियों का कहना है कि अगर जनवरी में ही पंचायत राज चुनाव हुए तो आयोग की परेशानी बढ़ेगी। मतदाता सूचियां पुनरीक्षण, मतदान और अन्य प्रक्रियाएं में ड्युटियां भी लगती है। ऐसे में आयोग को परीक्षा खिसकानी पड़ सकती है।

इनका कहना है

प्राध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा- 2018 तय समय पर ही कराई जाएगी। आयोग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।

दीपक उप्रेती, अध्यक्ष राजस्थान लोक सेवा आयोग

Updated on:
30 Nov 2019 01:10 am
Published on:
30 Nov 2019 08:07 am