
pushkar ajgandheshwar mahadev temple: पुष्कर से करीब पांच किलोमीटर दूर अजयसर गांव के पास स्थित अजगंधेश्वर महादेव मंदिर में कार्तिक मास की ब्रह्म चतुर्दशी पर सोमवार को साल की सबसे बड़ी पूजा होगी। अजयपाल बाबा के मंदिर के पास स्थित इस शिव मंदिर में हर साल इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता है कि इस तिथि पर भोलेनाथ बकरे के रूप में विराजते हैं और मंदिर के पार्थिव शिवलिंग से बकरे जैसी गंध आती है। इस मान्यता के पीछे राक्षस के वध की पौराणिक कथा प्रचलित है।
पंडित शिवप्रसन्न पाराशर के अनुसार, पौराणिक कथा है कि सृष्टि यज्ञ के दौरान एक राक्षस ने यज्ञ में बैठे संतों, देवताओं और गंधर्वों का हरण कर उनका वध करना शुरू कर दिया। उसके आतंक से मुक्ति के लिए महादेव का आह्वान किया गया। कई वर्षों तक चले युद्ध के बाद भी राक्षस का वध नहीं हो सका। तब ब्रह्मा ने ध्यान किया तो पता चला कि राक्षस का वध बकरे के रूप में ही संभव है। इसके बाद महादेव ने बकरे का रूप धारण कर उसका वध किया।
मान्यता है कि इसके बाद महादेव अजयपाल बाबा के पास अजगंधेश्वर महादेव के रूप में प्रतिष्ठित हुए। लोककथा के अनुसार, वे हर साल कार्तिक मास की ब्रह्म चतुर्दशी पर यहां स्वयं विराजते हैं और पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हैं।
पंडित कैलाश नाथ दाधीच के अनुसार, पौराणिक मान्यता है कि ब्रह्म चतुर्दशी पर देवी-देवताओं, ऋषि-मुनियों, यक्षों, गंधर्वों और किन्नरों ने नदियों के जल और पंचामृत से ब्रह्मा का अभिषेक किया। इसी अवसर पर ब्रह्मा को जगतपिता की उपाधि दी गई। कथा के अनुसार, ब्रह्मा ने अभिषेक का जल कमंडल में लेकर पुष्कर में प्रवाहित किया। इसी से पुष्कर तीर्थ का निर्माण हुआ और इसे तीर्थगुरु की उपाधि मिली।