अजमेर

राजस्थान में ‘संयुक्त निदेशक’ 3 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई

राजस्थान के अजमेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण को 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर परिवादी के संस्थान का अनुबंध पत्र जारी करने और बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
2 min read
Sep 03, 2026
Jayprakash Charan Arrest
Ajmer: एसीबी की गिरफ्त में संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। जयपुर एसीबी की एसआईडब्ल्यू चौकी ने गुरुवार को अजमेर में बड़ी ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, अजमेर के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण को 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी पर परिवादी के संस्थान का अनुबंध पत्र जारी करने और बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी की एसआईडब्ल्यू जयपुर चौकी को शिकायत मिली थी। इसमें परिवादी ने आरोप लगाया कि उसके संस्थान का अनुबंध पत्र जारी करने और बिल पास करने के बदले संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण की ओर से 3 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसके बाद एसीबी ने ट्रेप की कार्रवाई की योजना बनाई।

3 लाख रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ा

एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में ट्रेप कार्रवाई आयोजित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबरमल यादव के निर्देशन और उप अधीक्षक पुलिस सुरेन्द्र पंचोली के नेतृत्व में एसीबी टीम ने कार्रवाई की। ट्रेप के दौरान संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण को परिवादी से 3 लाख रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी की टीम कर रही पूछताछ

कार्रवाई के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरविजन में मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू करने की बात कही है।

यह वीडियो भी देखें :

भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत की अपील

एसीबी ने आम लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। ब्यूरो ने कहा है कि किसी व्यक्ति के खिलाफ एसीबी में मामला दर्ज होने पर संबंधित व्यक्ति सीधे एसीबी से संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। स्पष्टीकरण के विस्तृत विश्लेषण के बाद ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाता है।

एसीबी ने भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1064 और 24x7 व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9413502834 जारी की है। ब्यूरो ने लोगों से अपने वैध कार्यों में रिश्वत मांगने की स्थिति में शिकायत करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में योगदान देने की अपील की है।

Updated on:
03 Sept 2026 11:11 pm
Published on:
03 Sept 2026 11:11 pm