अजमेर

Rajasthan: 12वीं की परीक्षा में कॉपी में उत्तर लिखती मिली शिक्षिका, करा रही थी नकल, शिक्षा विभाग ने किया निलंबित

RBSE Class 12 Exam : राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की बारहवीं की परीक्षा के दौरान शिक्षिका ही नकल कराते और विद्यार्थी की कॉपी में उत्तर लिखते पकड़ी गई। बोर्ड के उड़नदस्ते की आकस्मिक जांच में यह मामला उजागर हुआ।

less than 1 minute read
Feb 20, 2026
Photo AI generator

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की बारहवीं की परीक्षा के दौरान शिक्षिका ही नकल कराते और विद्यार्थी की कॉपी में उत्तर लिखते पकड़ी गई। बोर्ड के उड़नदस्ते की आकस्मिक जांच में यह मामला उजागर हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने शिक्षिका को तत्काल निलंबित कर दिया।

करौली जिले के श्री महावीरजी ब्लॉक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हिंगोट में रविन्द्री कुमारी शिक्षक लेवल-2 (गणित) के पद पर कार्यरत है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं में उसकी वीक्षक पद पर ड्यूटी लगाई गई है। बुधवार को सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक दिगम्बर जैन आचार्य स.म. माध्यमिक विद्यालय, श्री महावीरजी में बारहवीं कक्षा का संस्कृत साहित्य का पेपर चल रहा था।

ये भी पढ़ें

Free Education: राजस्थान में RTE के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 4 मार्च तक करें आवेदन

लिख रही थी कॉपी में उत्तर

परीक्षा के दौरान उड़न दस्ता जांच के लिए केंद्र पहुंचा। इसमें रविन्द्री कुमारी कॉपी में उत्तर लिखते और नकल कराते मिलीं। उड़न दस्ते ने तत्काल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और जिला शिक्षा अधिकारी को सूचना दी।

शिक्षिका को किया निलंबित

नकल कराते और कॉपी में लिखने के मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक (मुख्यालय) इंद्रेश तिवाड़ी ने शिक्षिका को राजस्थान असैनिक सेवाएं नियम,1958 के तहत निलंबित कर दिया। निलंबन के दौरान उसका मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी टोडाभीम रहेगा। इसकी सूचना माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और प्रारंभिक शिक्षा निदेशक बीकानेर को भी भेजी गई है।

Updated on:
20 Feb 2026 06:37 pm
Published on:
20 Feb 2026 06:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर