17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News: फर्जी महिला डॉक्टर बनकर जिला अस्पताल में घुसी, राउंड लेने लगी; ऐसे खुली पोल

Rajasthan News: जिला चिकित्सालय में एक महिला फर्जी डॉक्टर बनकर गायनिक वार्ड में पहुंच गई और राउंड लेने लगी। जानिए कैसे खुली पोल-

2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Santosh Trivedi

image

भगवतदयाल सिंह

Apr 17, 2026

lady doctor

प्रतीकात्मक तस्वीर

Rajasthan News: ब्यावर (अजमेर)। राजकीय अमृतकौर जिला चिकित्सालय में एक महिला फर्जी डॉक्टर बनकर गायनिक वार्ड में पहुंच गई और राउंड लेने लगी। महिला अपने साथ एक गार्ड को भी लेकर आई थी और वार्ड में स्टाफ को निर्देश देते हुए डॉक्टर होने का रौब झाड़ती रही। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब वार्ड में मौजूद स्त्री रोग विशेषज्ञ आशा देवड़ा को इसका पता लगा। उन्होंने टोका व पीएमओ कार्यालय चलने की बात कही तो वह भाग छूटी। अस्पताल प्रशासन ने शहर पुलिस थाना को शिकायत दी है।

स्टाफ को व्यवस्था सुधारने के आदेश भी दिए

जानकारी के अनुसार एक महिला बोलेरो कार से राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय के मदर-चाइल्ड विंग तक पहुंची। अस्पताल परिसर में प्रवेश करते ही उसने गार्ड को निर्देश दिए और वार्ड का राउंड करवाने को कहा। गार्ड को साथ लेकर वह वार्ड का राउंड करने पहुंच गई। वार्ड में पहुंचकर स्टाफ को व्यवस्था सुधारने के आदेश भी दिए। कुछ समय तक स्टाफ भी उसके व्यवहार से भ्रमित रहा।

ऐसे खुली पोल

जब फर्जी महिला डॉक्टर अस्पताल पहुंची। उस समय स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आशा देवडा वहां मौजूद थी। जब स्टाफ ने उन्हें यह जानकारी दी तो उन्होंने जाकर उस महिला को टोका। एक बारगी तो वह रौब दिखाने लगी। जब ज्वाइनिंग करने के बारे में जानकारी पूछी तो वह बोली कि अभी तक आपके पास मेरा ज्वाइनिंग लेटर नहीं पहुंचा। इसके बाद उन्हें पीएमओ कार्यालय चलने को कहा तो पोल खुलने के डर से फर्जी महिला चिकित्सक वार्ड से चलती बनी।

शहर थाना को भेजी शिकायत

मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने शहर पुलिस थाने को शिकायत भेजी है। पीएमओ एस.एस. चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं। गार्डों को वार्ड में अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ब्यावर का राजकीय अमृतकौर जिला चिकित्सालय क्षेत्र का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां आसपास के गांवों और शहरों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल में सामान्य बीमारियों से लेकर आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मरीजों को बेहतर उपचार देने का प्रयास करती है।