21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Roadways: शेखावाटी के लिए खुशखबरी, इस जिले के 3 रूटों पर दौड़ेगी ग्रामीण रूट की राजस्थान रोडवेज बस

Rajasthan Roadways: रोडवेज के सीकर डिपो ने ग्रामीण बस सेवा के लिए निविदा खोल दी है। तीन रूटों के लिए मार्ग तय कर लिए गए हैं। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Santosh Trivedi

Apr 17, 2026

Rajasthan Roadways

राजस्थान रोडवेज बस। पत्रिका फाइल फोटो

Rajasthan Roadways: गांव-ढाणियों में लम्बे समय से रोडवेज चलने का इंतजार कर यात्रियों के लिए खुशखबर है। रोडवेज के सीकर डिपो ने ग्रामीण बस सेवा के लिए निविदा खोल दी है। तीन रूटों के लिए मार्ग तय कर लिए गए हैं। ग्रामीण रूट की बस रोडवेज डिपो से होते हुए संबंधित मार्गों पर जाएगी। इन रूटों के संचालन से क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों और ढाणियों को सीधा लाभ मिलेगा और हर माह लगभग एक लाख से ज्यादा यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध होगा।

सब कुछ ठीक रहा तो इस माह के अंत तक जिले के तीन प्रमुख ग्रामीण रूटों पर रोडवेज बस सेवा शुरू हो जाएगी। रोडवेज बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में बसों की कमी के कारण लोगों को निजी साधनों या महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।

खासकर विद्यार्थियों, किसानों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब रोडवेज बसों के संचालन से इन समस्याओं में राहत मिलने की उम्मीद है। जिससे गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और शहर से जुड़ाव मजबूत होगा।

मिलेगी नियमित सेवा

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार बस सेवाओं के शुरू होने से ग्रामीणों को सस्ती, सुरक्षित और नियमित यात्रा का विकल्प मिलेगा। छात्रों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में आसानी होगी, वहीं किसानों को मंडियों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही, छोटे व्यापारियों के लिए भी यह सेवा लाभदायक साबित होगी। यात्रियों की संख्या और जरूरत के आधार पर भविष्य में अन्य ग्रामीण रूटों पर भी बस सेवाएं बढ़ाई जाएंगी।

तीन रूट तय

सीकर डिपो में जूनियर एकाउंटेंट भानू प्रताप सिंह के अनुसार शर्तों में रियायत देने के बाद डिपो स्तर पर निविदा जारी की गई और बस ऑपरेटर्स ने तीन रूटों के लिए निविदा भरी। जिनमें पहला रूट सीकर - खंडेला वाया गोरिया- गोकुलपुरा, बाजौर, टोडीमाधोपुर, सांगरवा, पलासरा, गुरारा, खंडेला होगा। इस रूट पर तीन चक्कर होंगे। दूसरा रूट सीकर- खाटूश्यामजी-सालासर वाया कोछोर, जीणमाता, अलोदा, रेवासा, सीकर कासली, नेछवा, गनेडी पर चलेगी। तीसरा रूट मारू स्कूल लक्ष्मणगढ़, जगमालपुरा, झीगर, आकवा, थोरासी, लालासी, नरेादड़ा लक्ष्मणगढ मार्ग पर रोजाना छह चक्कर लगाएगी।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सीकर-सालासर-खाटूश्यामजी बेल्ट को विशेष महत्व देते हुए चार बसें सीधे खाटूश्यामजी, जीणमाता और सालासर को जोड़ते हुए चलाने की तैयारी की जा रही है। इस धार्मिक कॉरिडोर से रोजाना हजारों श्रद्धालु यात्रा करते हैं, ऐसे में नई बस सेवाएं आम लोगों को सुरक्षित, किफायती और नियमित सुविधा उपलब्ध कराएंगी, इससे क्षेत्र के ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

पीपीपी मोड पर चलेगी

नई ग्रामीण बस सेवा राजस्व साझेदारी मॉडल पर संचालित होगी। योजना के लिए केवल 2020 के बाद ही पंजीकृत नई बसें पात्र होंगी, और किराया प्रति सीट 1.50 रुपए प्रति किलोमीटर तय किया गया है। ऑपरेटर निगम को प्रति सीट प्रति किलोमीटर न्यूनतम 0.23 रुपए जमा करेंगे, जबकि अन्य सभी परिचालन लागत वे खुद वहन करेंगे। तय रूट पर बस ऑपरेटर को विशेषाधिकार दिया जाएगा, जिससे किसी अन्य बस से प्रतिस्पर्धा न हो और सेवा स्थिर रूप से चल सके।

इनका कहना है

ग्रामीण रूट के तीन मार्गों के लिए आवेदन आए हैं। इस माह के अंत तक निविदा की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद तय शर्तों के अनुसार बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।

  • दीपक कुमावत, मुख्य प्रबंधक, सीकर डिपो