अजमेर

Rajasthan Crime: गांव की युवती को अश्लील फोटो से किया ब्लैकमेल, होटल में बंद कर बार-बार किया बलात्कार

अजमेर जिले के एक गांव की युवती ने अश्लील फोटो से ब्लैकमेल कर बलात्कार, बंधक बनाने और जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Apr 20, 2026
crime
प्रतीकात्मक तस्वीर

Rajasthan Crime: अजमेर जिले के एक गांव की युवती ने अश्लील फोटो से ब्लैकमेल कर बलात्कार, बंधक बनाने और जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर भिनाय थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

फोटो वायरल करने की धमकी देकर झांसे में लिया

पीड़िता ने परिवाद में बताया कि वह एक गांव में रिश्तेदार की शादी में गई थी, जहां गांव के शिवचरण जाट ने उसके अश्लील फोटो खींच लिए। बाद में आरोपी ने फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे झांसे में लिया और नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार किया तथा वीडियो बना लिया।

चाकू दिखाकर भाई को जान से मारने की धमकी दी

इसके बाद आरोपी लगातार शादी करने और भागने का दबाव बनाता रहा। पीड़िता के अनुसार गत 12 जनवरी को आरोपी घर पहुंचा और चाकू दिखाकर भाई को जान से मारने की धमकी दी।

होटल में धमकाकर खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए

भयभीत होकर उसने नकदी, जेवरात व जरूरी दस्तावेज आरोपी को सौंप दिए। अगले दिन आरोपी उसे ब्यावर ले गया, जहां अन्य आरोपियों के साथ मिलकर होटल में धमकाकर खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए और बंधक बना लिया।

पुष्कर के एक होटल में बंद रखकर​ किया बलात्कार

बाद में नसीराबाद में आर्य समाज की रीति से जबरन शादी करवाई गई। आरोप है कि पुष्कर के एक होटल में बंद रखकर शिवचरण सहित उसके साथी लालाराम ने उसके साथ बार-बार बलात्कार किया और मारपीट की।

मामला दर्ज पुलिस ने शुरू की जांच

मौका पाकर पीड़िता ने परिजनों को सूचना दी, जिस पर परिवार ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। पीड़िता ने 9 मार्च को थाने में रिपोर्ट दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। अदालत के निर्देश पर 16 अप्रेल को पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवचरण जाट सहित लालाराम, मंजू, रामस्वरूप व कांता जाट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Published on:
20 Apr 2026 01:15 pm