
झुंझुनूं. एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत दबिश देने की कार्रवाई करती पुलिस।
शेखावाटी समाचार : झुंझुनूं पुलिस ने जिलेभर में एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान के कार्रवाई की है । अभियान का प्राथमिक लक्ष्य असामाजिक तत्वों, वांछित अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था । इस कार्रवाई के लिए गठित 60 टीमों के 257 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने कुल 436 स्थानों पर दबिश दी । इस दौरान विभिन्न अपराधों में कुल 123 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया । इनमें महिला अत्याचार के प्रकरणों में वांछित 2, जघन्य अपराधों में 11 , सामान्य अपराधों में 15 , गिरफ्तारी वारंट / स्थायी वारंट / पीओ / इनामी अपराधी व अन्य मामलों में 78 तथा शांतिभंग में 22 गिरफ्तारियां शामिल हैं ।
अभियान के दौरान पुलिस ने आबकारी एक्ट के 9 प्रकरण दर्ज कर 9 मुल्जिमों को गिरफ्तार किया , जिनके पास से 2 लीटर हथकड़ शराब व 316 पव्वे देशी सादा मदिरा जब्त की गई । आर्म्स एक्ट में 2 प्रकरण दर्ज कर एक देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया । एनडीपीएस , आबकारी , आर्म्स व अवैध खनन के अतिरिक्त अन्य एक्ट में भी 6 प्रकरण दर्ज कर 9 मुल्जिमों को पकड़ा गया ।
विभिन्न पुलिस थानों की विशिष्ट कार्रवाइयों में बलात्कार, पॉक्सो एक्ट में वांछित स्थायी वारंटी रवि उर्फ रविप्रकाश, चोरी में फरार स्थायी वारंटी सुरेंद्र उर्फ नंदू , 4 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के इनामी आरोपी बन्नाराम सैनी, महिला से छेड़छाड़ के आरोपी चेतन शर्मा, आर्म्स एक्ट के एचएस नवीन गुर्जर, हत्या के प्रयास में वांछित इनामी राकेश उर्फ रॉकी व रजनीश उर्फ राज उर्फ ढोल, नाबालिग से चोरी करवाने के मामले में सुभाष खटाणा व कृष्ण कुमार, तथा अस्पताल से इंजेक्शन चोरी के आरोपी विकास सैनी सहित कई वांछितों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, अवैध हथियारों व शराब की बरामदगी भी की गई।
नवलगढ़ पुलिस थाना गोठड़ा ने चर्चित सुनील सुण्डा हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए षड्यंत्र में शामिल 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहा था। थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार मीणा गिरफ्तार आरोपी सुरेश कुमार मुवाल निवासी शेरपुरा (सीकर) है, जो इस हत्याकांड की साजिश में शामिल था।
इससे पहले प्रकरण में पिंटू भिचरी, हिस्ट्रीशीटर राजू अठवास, नन्दूसिंह उर्फ नन्दू फौजी, आसीफ अली और श्रवण कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। घटना 12 दिसंबर 2025 को कैमरी की ढाणी, खिरोड़ में हुई थी। परिवादी ओमप्रकाश सुण्डा ने रिपोर्ट दी थी कि उसका पुत्र सुनील सुण्डा हिस्ट्रीशीटर रविन्द्र कटेवा के घर गया था, जहां जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में रंजिश चल रही थी। इसी दौरान कार में सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। जिसमें सुनील के सिर में गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि श्रवण भादवासी व उसके साथियों ने 50 लाख रुपए की सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक खाली कारतूस खोल तथा घटना में प्रयुक्त कार को पहले ही जब्त कर लिया था। घटना के दिन ही पिंटू भिचरी व राजू सिंह को घायल अवस्था में मौके से हिरासत में ले लिया गया।
उपचार के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की गई। जबकि मुख्य षड्यंत्रकारी सुरेश मुवाल वारदात के बाद से फरार था, जिस पर जयपुर रेंज के महानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर रविवार को उसे सीकर से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
20 Apr 2026 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
