अजमेर

Rajasthan News: परीक्षा देने आए छात्र ने शिक्षक पर किया हमला, नाखूनों से नोच डाला चेहरा

Rajasthan News: सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में बीबीए की परीक्षा देने आए निजी कॉलेज के छात्र ने परीक्षा ड्यूटी पर तैनात शिक्षक से मारपीट कर दी। छात्र ने नाखूनों से शिक्षक के चेहरे और हाथ-पैर को नोच दिया।
2 min read
Dec 24, 2023
ajmer_news.jpg

Rajasthan News: सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में बीबीए की परीक्षा देने आए निजी कॉलेज के छात्र ने परीक्षा ड्यूटी पर तैनात शिक्षक से मारपीट कर दी। छात्र ने नाखूनों से शिक्षक के चेहरे और हाथ-पैर को नोच दिया। शिक्षक की रिपोर्ट पर क्लॉक टावर थाना पुलिस ने छात्र को पकड़ लिया। उधर महाविद्यालय प्रशासन ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय को मामले की जानकारी देते हुए सेंटर हटाने की मांग की है।

एएसआई दयानंद शर्मा ने बताया कि जनाना अस्पताल-सीकर रोड स्थित आर्यभट्ट कॉलेज के विद्यार्थियों की बीबीए की परीक्षाएं जारी हैं। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को प्रो. मनोज यादव, पी. आर. परिहार ड्यूटी पर थे। उन्होंने विद्यार्थी क्षितिज शर्मा से प्रवेश पत्र की हार्डकॉपी मांगी। उसने मोबाइल में ई-प्रवेश पत्र होना बताया।

अचानक किया आक्रमण
बहस के बाद अचानक छात्र ने प्रो. यादव पर बैग से हमला कर दिया। उसने नुकीले नाखून से यादव के चेहरे और हाथ-पैर नोच लिए। घटना से स्टाफ भी हतप्रभ रह गया। छीना-छपटी में यादव की सोने की चेन और लॉकेट भी गिर गया। इस दौरान निजी कॉलेज के छात्रों ने घेर लिया।

पुलिस पहरे में परीक्षा
सूचना मिलते ही क्लॉक टावर थाना पुलिस कॉलेज पहुंच गई। पुलिस पहरे में छात्र ने परीक्षा दी। इसके बाद पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को छात्र को एडीएम सिटी के समक्ष पेश किया गया।

हर साल करते अभद्रता
प्रो. यादव ने बताया कि निजी कॉलेज के छात्र हर साल अभद्रता करते हैं। मदस विश्वविद्यालय को सेंटर हटाने के लिए पत्र भेजा है। उधर विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुब्रोतो दत्ता ने कहा कि घटना की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करेंगे।

Published on:
24 Dec 2023 11:29 am