राजस्थान लोक सेवा आयोग और अभ्यर्थियों की नजरें अब नई भर्तियों पर टिकी हैं। साल 2026 में आरएएस, चिकित्सा शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और स्कूल व्याख्याता सहित बड़ी भर्तियों की अभ्यर्थनाएं आने की उम्मीद है।
RAS and Subordinate Services Recruitment Exam2026: अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग और अभ्यर्थियों की नजरें अब नई भर्तियों पर टिकी हैं। साल 2026 में आरएएस, चिकित्सा शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और स्कूल व्याख्याता सहित बड़ी भर्तियों की अभ्यर्थनाएं आने की उम्मीद है। आयोग के कैलेंडर के अनुसार इस साल की परीक्षाएं जनवरी से अगस्त तक चलेंगी।
राजस्थान लोक सेवा आयोग आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती परीक्षा सहित कॉलेज लेक्चरर, स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा, कृषि, कारागार, कनिष्ठ लेखाकार और अन्य भर्ती परीक्षाओं का आयोजन करता है। यह भर्तियां कार्मिक विभाग, संबंधित विभाग और सरकार से अभ्यर्थना, पदों का वर्गीकरण मिलने के बाद कराई जाती हैं। साल 2018 में आयोग को सर्वाधिक 18 हजार और 2023 में 17 हजार भर्तियां मिली थीं। इस साल विभिन्न विभागों की 13 हजार 354 पदों की अभ्यर्थनाएं मिली हैं।
| क्रमांक | पद का नाम | विभाग | पदों की संख्या |
|---|---|---|---|
| 1 | लेक्चरर आयुर्वेद | आयुर्वेद विभाग | 8 |
| 2 | डिप्टी कमांडेंट | गृह रक्षा विभाग | 4 |
| 3 | सहायक विद्युत निरीक्षक | ऊर्जा विभाग | 9 |
| 4 | जूनियर केमिस्ट | जलदाय विभाग | 13 |
| 5 | सहायक कृषि अभियंता | कृषि विभाग | 281 |
| 6 | पशु चिकित्सा अधिकारी | पशुपालन विभाग | 1100 |
| 7 | उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर | गृह (ग्रुप–1) विभाग | 1015 |
| 8 | प्राध्यापक एवं कोच | स्कूल शिक्षा विभाग | 3225 |
| 9 | वरिष्ठ अध्यापक | माध्यमिक शिक्षा विभाग | 6500 |
| 10 | कनिष्ठ विधि अधिकारी | जेडीए | 12 |
| 11 | प्राध्यापक कृषि | स्कूल शिक्षा | 500 |
| 12 | सहायक आचार्य | कॉलेज शिक्षा | 574 |
| 13 | सांख्यिकी अधिकारी | सांख्यिकी विभाग | 113 |
आयोग को पिछले साल 1096 पदों की भर्ती के लिए आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती परीक्षा-2024 मिली थी। प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा परिणाम के बाद 1 दिसम्बर से साक्षात्कार शुरू होंगे। 2025-26 की आरएएस भर्ती मिलनी है। राज्य और अधीनस्थ सेवाओं के 700 से 900 तक पद हो सकते हैं।
राज्य सरकार ने 2025-26 के बजट में 1 लाख नई भर्तियों की घोषणा की है। इसमें चिकित्सा शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और स्कूल व्याख्याता जैसी बड़ी भर्तियां शामिल होंगी। ऐसे में युवाओं को नौकरियों के लिए कई अवसर अगले साल मिल सकेंगे।
राजस्थान लोक सेवा आयोग 9 साल बाद ऑनलाइन परीक्षा की शुरुआत करेगा। इसके तहत लेक्चरर (आयुष विभाग) भर्ती -2025 परीक्षा ऑनलाइन (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया है। यह परीक्षा अगले वर्ष 12 जनवरी को दोपहर 12 से 2.30 बजे तक होगी। इसमें अगद तंत्र, कायचिकित्सा, पंचकर्म, प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग, शालाक्य तंत्र, कौमारभृत्य संहिता (मौलिक सिद्धांत) और स्वस्थवृत्त की परीक्षा शामिल होगी।
आयोग ने फिलहाल छोटी परीक्षाएं ऑनलाइन कराने का फैसला किया है। प्रयोग सफल रहा तो बड़ी परीक्षाएं भी ऑनलाइन कराई जाएंगी। हालांकि इसके लिए पर्याप्त परीक्षा केंद्र, ऑनलाइन लैब-कम्प्यूटर जरूरी हैं।