परीक्षा परिणाम त्वरित निकालने की योजना के तहत बोर्ड कॉपियों के मूल्यांकन कराने में भी जुट गया है। विभिन्न जिला शिक्षा अधिकारियों के निर्देशन में केंद्रीयकृत मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड विषयवार परीक्षाओं के साथ कॉपियों की जांच कराने में जुटा है। राज्य के विभिन्न केंद्रीयकृत केंद्रों और परीक्षकों से त्वरित मूल्यांकन करा रहा है। संभवत: मार्च अथवा अप्रेल अंत तक दसवीं-बारहवीं के नतीजे आ सकते हैं।
बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। परीक्षा परिणाम त्वरित निकालने की योजना के तहत बोर्ड कॉपियों के मूल्यांकन कराने में भी जुट गया है। विभिन्न जिला शिक्षा अधिकारियों के निर्देशन में केंद्रीयकृत मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। संग्रहण केंद्रों से परीक्षकों को कॉपियों के बंडल भी भेजे जा रहे हैं। इसके लिए मोबाइल पर मैसेज और ओटीपी व्यवस्था लागू की गई है।
परिणाम जारी होंगे त्वरित
दसवीं की परीक्षाएं 28 फरवरी और बारहवीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी। कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरा होने, रिजल्ट की समीक्षा होगी। अधिकृत सूत्रों के अनुसार विलंब अथवा तकनीकी समस्या नहीं हुई तो बोर्ड की मार्च अथवा अप्रेल अंत तक परिणाम निकालने की योजना है। हालांकि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के स्तर पर यह फैसला किया जाएगा।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं की सालाना परीक्षाएं शनिवार को समाप्त हो गई। बारहवीं की वार्षिक परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी।इस वर्ष दसवीं (सेकंडरी) परीक्षा में 10 लाख 68 हजार 109 और बारहवीं (सीनियर सेकंडरी) परीक्षा में 9 लाख 10 हजार 9, प्रवेशिका में 7 हजार 817 तथा वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में 4 हजार 122 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू हुई थीं। दसवीं का शनिवार को सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक संस्कृत विषय का द्वितीय पेपर हुआ। मालूम हो कि पूर्व में दसवीं के अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान,हिंदी, गणित, ऑटोमेटिव, आइटी, फाइनेंशियस सर्विस एंड इंश्योरेंस सहित अन्य पेपर हो चुके हैं।
बारहवीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक
बारहवीं (सीनियर सेकंडरी) के विषयवार पेपर 11 मार्च तक चलेंगे। इस बार बोर्ड की परीक्षाएं पहली बार मार्च के पहले पखवाड़े में पूरी हो जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षाओं के साथ ही कॉपियों की जांच शुरू करा दी हैं।
बोर्ड सचिव ने किया निरीक्षण
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षार्थी अपने अभिभावकों संग एक घंटे पहले ही केन्द्र के बाहर पहुंच गए। बोर्ड सचिव सचिव गजेंद्र सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय तोपदड़ा सीनियर सेकंडरी, राजकीय सावित्री बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय और अन्य केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा केंद्रों में तलाशी
विद्यार्थियों की परीक्षा केंद्रों में तलाशी ली गई। सामान,बैग, कॉपी-किताब को बाहर ही रखवाया गया। परीक्षाथी स्कूल यूनिफार्म में आए जिससे संदिग्ध या डमी कैंडीडेट अंदर नहीं जा सका।
फैक्ट फाइल
दसवीं (सैकंडरी) में पंजीकृत विद्यार्थी- 10 लाख 68 हजार 109
बारहवीं (सीनियर सैकंडरी)में पंजीकृत विद्यार्थी- 9 लाख 10 हजार 9
प्रवेशिका में 7 हजार 817 और वरिष्ठ उपाध्याय वर्ग में 4 हजार 122 विद्यार्थी
पढ़ें यह खबर...सृजित होंगे 393 नए पद, खुलेंगे पांच नए सहायक अभियंता कार्यालय
अजमेर.राज्य सरकार के 2026-27 के बजट में अजमेर डिस्कॉम के लिए कई घोषणाएं हुई है। इसके तहत 393 नवीन पदों की स्वीकृति मिली है। यह भर्ती सीधी प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। प्रबंध निदेशक के.पी. वर्मा ने बताया कि स्वीकृत पदों में कनिष्ठ अभियंता के 144, कनिष्ठ लेखाकार के 48 और वाणिज्यिक सहायक (द्वितीय) के 201 पद शामिल हैं। इन भर्तियों से तकनीकी निरीक्षण, लेखा प्रबंधन एवं अन्य कार्य त्वरित होंगे। उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाओं का लाभ मिलेगा।
यहां खुलेंगे नए कार्यालय
ऊर्जा विभाग ने नए कार्यालयों की स्थापना की मंजूरी दी है। इसके तहत भूणाबाय (पुष्कर)अजमेर, पालोदा (गढ़ी) बांसवाड़ा, मेहड़ा(खेड़ड़ी) झुंझुनूं, सायरा (गोगुंदा) उदयपुर में सहायक अभियंता कार्यालय (विद्युत) खुलेंगे। इनके अलावा खेजड़ी (जाजोद) सीकर में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय को सहायक अभियंता (विद्युत) कार्यालय में क्रमोन्नत किया जाएगा।