अजमेर

RPSC Exam: आरपीएससी ने स्थगित की चार प्रमुख भर्ती परीक्षाएं

RPSC Exam:आयोग इन भर्तियों में संशोधित विज्ञापन जारी कर दोनों वर्गों के अभ्यर्थियों से आवेदन लेगा।
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Jun 2019, 7:32 PM IST
rpsc postponed exams
rpsc postponed recruitment exam

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने जुलाई से सितंबर के बीच प्रस्तावित चार प्रतियोगी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। कार्मिक विभाग के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग को देय आरक्षण से संबंधित पत्र मिलने के बाद यह फैसला किया गया है। आयोग इन भर्तियों में संशोधित विज्ञापन जारी कर दोनों वर्गों के अभ्यर्थियों से आवेदन लेगा।

पूर्व घोषित कलैंडर के अनुसार आयोग ने माध्यमिक शिक्षा विभाग की स्कूल व्याख्याता प्रतियोगी परीक्षा-2018 का आयोजन 15 से 25 जुलाई, फिजियोथेरेपिस्ट स्क्रीनिंग टेस्ट (चिक्तिसा शिक्षा विभाग) 30 जुलाई, प्राध्यापक स्कूल शिक्षा (संस्कृत शिक्षा विभाग) 6 से 9 अगस्त, सहायक वन संरक्षक एवं वन रेंज अधिकारी ग्रेड प्रथम परीक्षा-2018 का आयोजन 28 अगस्त से पांच सितंबर तक कराना तय किया था।

यह पत्र भेजा था कार्मिक विभाग ने
कार्मिक विभाग ने आयोग को पत्र भेजकर अति पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ देने के लिए कहा। इसके अनुसार इन वर्गों के अभ्यर्थियों को पुन: आवेदन का अवसर दिया जाना है। इसके चलते आयोग को विज्ञापन जारी कर दोनों श्रेणियों में आवेदकों को पुन: आवेदन का अवसर देना है।

परीक्षाओं को किया स्थगित
सचिव के. के. शर्मा ने बताया कि आयोग ने जुलाई से सितंबर तक परीक्षाएं स्थगित की हैं। इनमें स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा-2018, फिजियोथेरेपिस्ट भर्ती परीक्षा, प्राध्यापक भर्ती परीक्षा, सहायक वन संरक्षक-वन रेंज अधिकारी ग्रेड प्रथम परीक्षा-2018 परीक्षा शामिल है। इनमें अब तक किसी भी स्तर की परीक्षा पूर्व में नहीं है। अति पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों की आरक्षण प्रक्रियाधीन होने के कारण परीक्षाएं स्थगित की गई हैं।

Published on: