अजमेर

RPSC वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा : सिरोही में 73.85 और अजमेर में सबसे कम 47.90 फीसदी अभ्यर्थी हुए शामिल

आरपीएससी की वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2025 का पहला दिन शांतिपूर्ण रहा। सामान्य ज्ञान और सामाजिक विज्ञान के पेपर में राज्यभर में करीब 63 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए। सिरोही में सबसे अधिक 73.85 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि अजमेर सबसे पीछे रहा। अभ्यर्थियों के अनुसार इस बार करंट अफेयर्स और कॉन्सेप्ट आधारित सवालों ने परीक्षा को चुनौतीपूर्ण बना दिया।
3 min read
Jul 12, 2026
RPSC Senior Teacher Exam
RPSC Senior Teacher Exam: परीक्षा के दौरान महिला अभ्यर्थियों के टंगे दुपट्टे (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती परीक्षा-2025 का आगाज रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में हुआ। राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में परीक्षा आयोजित की गई। पहले दिन सामान्य ज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय के पेपर हुए। आयोग के अनुसार, सामान्य ज्ञान की परीक्षा में राज्यभर में 62.97 प्रतिशत, जबकि सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में 62.08 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। सबसे अधिक 73.85 प्रतिशत उपस्थिति सिरोही जिले में रही, जबकि अजमेर में सबसे कम 47.90 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

आरपीएससी के परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि सुबह 10 से 12 बजे तक ग्रुप-ए के तहत सामान्य ज्ञान का पेपर आयोजित किया गया। इस परीक्षा के लिए 3,60,268 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2,26,851 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,33,417 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक सामाजिक विज्ञान का पेपर हुआ, जिसमें 2,23,655 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,36,613 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पारियों में परीक्षा राज्यभर के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

परीक्षा से पहले चेकिंग के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका) 

60 मिनट पहले तक ही मिला प्रवेश

परीक्षा के दौरान आयोग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले फोटो पहचान पत्र का मिलान, फ्रिस्किंग, मेटल डिटेक्टर से जांच और फोटोग्राफी की गई। आयोग ने ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 10 मिनट का समय भी उपलब्ध कराया।

अलवर के 49 केंद्रों पर हुई परीक्षा

वहीं, अलवर जिले के 49 परीक्षा केंद्रों पर भी दोनों पारियों में परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। पहली पारी में सामान्य ज्ञान की परीक्षा के लिए 14,245 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 9,257 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इस पारी में 64.98 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पारी में सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में 9,095 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,150 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पारी में 63.85 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

कॉन्सेप्ट आधारित प्रश्नों में उलझे अभ्यर्थी

परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र में करंट अफेयर्स और कॉन्सेप्ट आधारित प्रश्नों की संख्या अपेक्षा से अधिक थी। कई परीक्षार्थियों का कहना था कि केवल रटकर तैयारी करने वालों के लिए पेपर चुनौतीपूर्ण रहा, जबकि विषय की अच्छी समझ रखने वाले अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने में अपेक्षाकृत आसानी हुई। एक महिला अभ्यर्थी ने प्रश्नपत्र का स्तर औसत बताया, जबकि सामाजिक विज्ञान के परीक्षार्थियों ने कहा कि इस बार विश्लेषणात्मक और समझ पर आधारित सवाल ज्यादा पूछे गए।

देर से परीक्षा केन्द्र पर पहुंची अभ्यर्थी को नहीं मिला प्रवेश (फोटो-पत्रिका)

एक महिला अभ्यर्थी को नहीं मिला प्रवेश

अलवर में एक महिला अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र का प्रवेश बंद होने के बाद पहुंची, जिसके कारण उसे परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था और परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

सोमावर को भी होगी परीक्षा

आरपीएससी के अनुसार, सोमवार को ग्रुप-बी के तहत सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य ज्ञान और दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।

Updated on:
12 Jul 2026 09:36 pm
Published on:
12 Jul 2026 09:36 pm