यहां विश्व प्रसिद्ध तीर्थराज पुष्कर और ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह स्थित होने के कारण सालभर लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसके अलावा, शहर में विभिन्न विभागों के मुख्यालय होने से भी दैनिक आवागमन का दबाव लगातार बढ़ रहा है ।
Traffic Management: अजमेर. अजमेर शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर अजमेर में प्रस्तावित आउटर रिंग रोड परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया ।
इस दौरान देवनानी ने शहर में बढ़ते यातायात दबाव और उससे उत्पन्न समस्याओं को विस्तार से रखते हुए बताया कि अजमेर धार्मिक, प्रशासनिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है। यहां विश्व प्रसिद्ध तीर्थराज पुष्कर और ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह स्थित होने के कारण सालभर लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसके अलावा, शहर में विभिन्न विभागों के मुख्यालय होने से भी दैनिक आवागमन का दबाव लगातार बढ़ रहा है ।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए डीपीआर तैयार करने के लिए 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 892 करोड़ रुपए की लागत से विस्तृत योजना तैयार की जा चुकी है। ऐसे में अब केंद्र सरकार से इस परियोजना को मंजूरी मिलने का इंतजार है।
देवनानी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि अजमेर और पुष्कर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अजमेर से प्रतिदिन करीब 800 रोडवेज बसों का संचालन होता है, जिससे हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। इसके अलावा, भारी वाहनों की आवाजाही भी शहर की सड़कों पर अतिरिक्त दबाव डालती है।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर के भीतर ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी, साथ ही बाहरी यातायात को डायवर्ट कर शहर की सड़कों पर दबाव कम किया जा सकेगा। इससे न केवल आमजन को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, देवनानी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी से भी मुलाकात कर अजमेर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।