अजमेर

असामाजिक तत्वों ने अजमेर में मूर्तियों को किया खण्डित, आक्रोशित लोगों ने किया बाजार बंद

www.patrika.com/ajmer-news
2 min read
Sep 22, 2018
some antisocial aliments break goddess statue in temple
असामाजिक तत्वों ने अजमेर में मूर्तियों को किया खण्डित, आक्रोशित लोगों ने किया बाजार बंद

अजमेर. पुलिस लाइन नया बाड़ा क्षेत्र में असामाजिक तत्व ने धार्मिक स्थल में प्रतिमाएं खंडित कर दी। महिला मंडली के भजनों से पूर्व तैयारी के लिए पहुंचे सेवक को प्रतिमाएं खंडित मिली। इसकी जानकारी मिलने पर क्षेत्र के व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। क्षेत्रवासियों ने 24 घंटे में असामाजिक तत्व की गिरफ्तारी मांग की है। गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलनात्मक कदम उठाने की चेतावनी भी दी।

पुलिस लाइन नया बाड़ा स्थित धार्मिक स्थल में शुक्रवार को सेवाधारी रामस्वरूप पहुंचे तो दरवाजा खुला और अंदर प्रतिमाएं खंडित मिली। उसने आस-पास रहने वालों को इसकी जानकारी दी। सूचना फैलते ही भाजपा पार्षद महेन्द्र जादम, पूर्व पार्षद शैलेन्द्र सतरावला, भाजपा नेता रमेश सोनी, गोविन्द जादम समेत कई नेता पहुंचे। सूचना मिलने पर अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय अबू सूफियान चौहान, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अशोक कुमार योगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हर्ष रत्नू, उप अधीक्षक (उत्तर) जिनेन्द्र कुमार, सिविल लाइंस थानाप्रभारी सुनील चारण, क्रिश्चियन गंज थानाप्रभारी लिखमाराम समेत भारी पुलिस जाप्ता पहुंच गया।

शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देननानी ने मौके पर पहुंचकर असामाजिक तत्व के कृत्य की निंदा की। उन्होंने क्षेत्रवासियों से समझाइश करते हुए प्रतिमा की स्थापना पूर्ण विधि-विधान से करने की बात कही। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए असामाजिक तत्व को पकडऩे के निर्देश दिए।

बाजार बंद कर जताया रोष
प्रतिमा खंडित किए जाने की सूचना मिलते ही नया बाजार, पुलिस लाइन चौराहा, लोहाखान क्षेत्र में व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। पुलिस लाइन-लोहाखान व्यापार संघ के संरक्षक प्रदीप जैन ने चेताया कि पुलिस चौबीस घंटे के भीतर असामाजिक तत्व को नहीं पकड़ती है तो व्यापारिक संघ व्यापक स्तर पर आंदोलनात्मक कदम उठाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दौराई, क्रिश्चियन गंज क्षेत्र के बाद पुलिस लाइन नया बाजार क्षेत्र की घटना असामाजिक तत्व की सोची-समझी साजिश है।

असामाजिक तत्व ने किया कृत्य

पार्षद महेन्द्र जादम ने बताया कि सेवक रामस्वरूप साढ़े 11 बजे मंदिर से गया। दोपहर ढाई बजे वह धार्मिक स्थल पहुंचा तो दरवाजा खुला पाया। अन्दर प्रतिमाएं खंडित मिली तो उसने आस-पास के लोगों को सूचना दी। जादम ने बताया कि क्षेत्र की शांतिभंग करने के इरादे से किसी असामाजिक तत्व ने कृत्य को अंजाम दिया है।

शिकायत पर मामला दर्ज
धार्मिक स्थल के सेवादार रामस्वरूप की रिपोर्ट पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इससे पूर्व पुलिस की एफएसएल टीम ने धार्मिक स्थल व घटनास्थल से फिंगर प्रिन्ट उठाए। इधर जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है।

प्रतिमा खंडित करने का मामला सामने आया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर नमूने उठाए गए है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में असामाजिक तत्व की तलाश की जा रही है। क्षेत्रवासियों से शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने भी समझाइश की।
अशोक कुमार योगी, एडीएम शहर

Published on:
22 Sept 2018 08:55 pm