
अजमेर.
शिक्षक दिवस पर इस बार प्रदेश के सभी जिलों से एक शिक्षक अथवा संस्था प्रधान को सम्मान दिया जाएगा। यह बात शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने सम्मान समारोह से जुड़ी बैठक में कही। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रयासों से ही राजस्थान शिक्षा जगत में अग्रणी प्रदेशों में शामिल हुआ है। पांच सितम्बर को होने वाले राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस सम्मान समारोह में प्रदेशभर से शिक्षकों की भागीदारी होगी।
इस बार राज्य में शिक्षा क्षेत्र में बेहतरीन कार्यों के लिए राज्य के तीन जिला कलक्टर को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। प्रदेश स्तरीय समारोह में प्रत्येक जिले से एक शिक्षक या विद्यालय के संस्था प्रधान को शिक्षा क्षेत्र में सर्वोत्कृष्ट कार्य के लिए श्रीगुरुजी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रदेश 33 शिक्षकों को भी श्री गुरुजी सम्मान पुरस्कार दिया जाएगा। सम्मान के तहत 11-11 हजार रुपए एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
सम्मान समारोह के लिए बैठक
शिक्षक दिवस सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर शिक्षा संकुल में स्कूल शिक्षा परिषद् के आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा ने बैठक ली। उन्होंने विभिन्न समितियों को आवश्यक कामकाज निबटाने के निर्देश दिए। शिक्षक दिवस समारोह के संबंध में 3 सितम्बर से शिक्षा संकुल में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। बिड़ला सभागार में सांस्कृतिक संध्या होगी।
प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचार एवं उपलब्धियों का भी प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के विशिष्ट शासन सचिव अशफाक हुसैन ने तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान राज्य परियोजना निदेशक शिवांगी स्वर्णकार, निदेशक माध्यमिक शिक्षा नथमल डीडेल आदि मौजूद थे।
वरना हाथ से निकल जाएगी पुलिस की यह खास भर्ती
पुलिस उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2016 में बैठने वाले अभ्यर्थी राजस्थान लोक सेवा आयोग की वेबसाइट पर आवेदन पत्र की स्थिति देख सकेंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को यह सुविधा उपलब्ध कराई है।
आयोग ने उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर के पदों की भर्ती परीक्षा-2016-17 के तहत आवेदन मांगे हैं। उप निरीक्षक (पुलिस) प्रतियोगी परीक्षा-2016 का आयोजन 7 अक्टूबर को होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की स्थिति जानने की सुविधा दी है। इसके तहत अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर दर्ज कर आवेदन पत्र की जानकारी ले सकेंगे।