अजमेर

ये हमारे यूथ का स्टाइल है जनाब, टेक्नोलॉजी और फैशन की है यहां धूम

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Aug 30, 2018
student union election 2018
student union election 2018

अजमेर.

छात्रसंघ चुनाव में इन दिनों फैशन, टेक्नोलॉजी और स्टाइल की धूम मची हुई है। जहां लड़कियां जींस-टॉपर और खुली जीप-कार में बैठकर प्रचार-प्रसार में जुटी हैं। वहीं लडक़े भी स्टाइलिश बाइक, महंगी गाडिय़ों, टी-शर्ट-जींस, सनग्लास के साथ घूमते दिख रहे हैं। दूसरे शहरों-गांवों से आए कार्यकर्ताओं ने भी प्रत्याशियों के साथ कमान संभाल रखी है।

महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में सीकर, नागौर, डीडवाना, मकराना, रेण, मूंडवा सहित अन्य कस्बों-शहरों के युवाओं ने डेरा जमाया है। ये नौजवान कार-जीप, बाइक्स पर बैठकर विश्वविद्यालय सहित विभिन्न कॉलेज में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। फैशनेबल युवाओं का स्टाइल भी कम नहीं है। यही हाल सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, दयानंद कॉलेज के प्रत्याशियों और उनके कार्यकर्ताओं का है।

बनाए फेसबुक पेज, वॉट्स एप ग्रप
चुनाव के लिए कई प्रत्याशियों और उनके साथियों ने वॉट्सएप ग्रुप और फेसबुक पेज भी बनाए हैं। प्रत्याशियों के समर्थक और कार्यकर्ता रोजाना फोटो, वीडियो अपलोड करने में जुटे हैं। पुष्कर रोड, आदर्श नगर, सुभाष नगर, रामगंज इलाकों में बने चुनाव कार्यालयों में प्रत्याशियों के साथी लेपटॉप, पामटॉप लेकर बैठे देखे जा सकते हैं। ढोल-ढमाकों और कक्षाओं में जाकर प्रचार-प्रसार का पारम्परिक तरीका भी जारी है।

चुनाव में फैशन और स्टाइल

छात्रसंघ चुनाव में फैशन और स्टाइल की धूम है। छात्र-छात्राएं महंगे ब्रांडेड कम्पनी के चश्मे, जींस-टीशर्ट, ट्राउजर, महंगी घडिय़ां पहनकर प्रचार-प्रसार करते दिख रहे हैं। उनके हाथों में स्मार्ट मोबाइल और कान में ईयरफोन-ब्लू टूथ के साथ देखा जा रहा है। कई संस्थाओं, रेलवे स्टेशन पर वाई-फाई की सुविधा उनके लिए फायदेमंद साबित हुई है।

होर्डिंग-पोस्टर और पेम्पलेट
कभी चुनाव में नारे लिखने, पोस्टर चिपकाने तक सिमटा था। अब चुनाव में छात्रनेता छोटे-बड़े होर्डिंग लगाने के अलावा पेम्पलेट और विजिटिंग कार्ड बांट रहे है। हालांकि लिंगदोह समिति की सिफारिशों और प्रशासन-पुलिस संस्थाओं की सख्ती है। कई प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म का बखूबी इस्तेमाल किया है। सहपाठियों-मतदाताओं तक वीडियो, ऑडियो क्लिप, संदेश पहुंचा रहे हैं।

छात्राओं का स्टाइलिश तरीका

चुनाव लड़ रही छात्राएं और उनकी समर्थक भी पीछे नहीं है। कॉलेज और विश्वविद्यालयों में पढऩे वाली छात्राएं और उनके समर्थक वाहनों का जमकर इस्तेमाल कर रही हैं। वे ओपन जिप्सी, जीप, पजेरो, फाच्र्यूनर, ऑडी जैसी कार प्रचार-प्रसार में घूम रही हैं। इसके अलावा कई छात्राएं स्कूटी, बाइक्स चलाते देखी जा सकती हैं। नौजवान और प्रत्याशी शहर में दिन-रात इन वाहनों पर धुआंधार प्रचार करने में जुटे हैं।

नाम की वीडियोग्राफी-निगरानी
संस्थाओं में प्रचार-प्रसार के दौरान पेम्पलेट-कार्ड उड़ाने पर पाबंदी है। फिर भी प्रत्याशी और उनके समर्थक कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय परिसर और सडक़ों पर जमकर पेम्पलेट उड़ा रहे हैं। विद्यार्थियों को खुलेआम विजिटिंग कार्ड बांट रहे हैं। कई जगह विद्यार्थियों के पोस्टर चिपके हुए हैं। विश्वविद्यालय और कॉलेज वीडियोग्राफी कराने के अलावा निगरानी में ुजटे हैं। इसके बावजूद किसी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय ने प्रत्याशियों को नोटिस नहीं थमाए हैं। पत्रकारों द्वारा लंगदोह समिति की सिफारिशों की अनुपालना की बात पूछने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी उसे हंसकर टालने में जुटे हैं।

Published on:
30 Aug 2018 06:32 am