अजमेर

Ajmer Accident: नेशनल हाईवे पर कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवतियों सहित तीन की मौत

Ajmer Car-Bike Accident: अजमेर के बांदनवाड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में दो युवतियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jun 12, 2026
Ajmer Car-Bike Accident
मृतक अर्चना जांगिड़, शिवानी तिवारी और सम्राट नायक। फाइल फोटो- पत्रिका

अजमेर। जिले के बांदनवाड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। हादसे में दो युवतियों और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।पुलिस के अनुसार बाइक सवार तीनों युवक-युवतियां राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे थे।

यह वीडियो भी देखें

इसी दौरान एक कार की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अजमेर के झड़वासा निवासी सम्राट नायक, किटाप निवासी अर्चना जांगिड़ और शिवानी तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के शव मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चलती कार बनी आग का गोला

वहीं दूसरी तरफ गेगल थाना क्षेत्र में अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को चलती कार में भीषण आग लग गई। कार आग के गोले में तब्दील हो गई। चालक ने कार से कूदकर किसी तरह जान बचाई। कार अजमेर से जयपुर की ओर जा रही थी। गगवाना पुलिया के निकट अचानक इसमें धुआं निकलता दिखाई दिया।

जल्द आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। चालक तत्काल कार को सड़क किनारे रोककर बाहर निकल गया। कुछ ही मिनटों में कार धू-धू कर जलने लगी। हाइवे पर जलती कार को देखकर राहगीरों और अन्य वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कार पूरी तरह जलकर कबाड़ बन गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

कुछ समय प्रभावित हुआ यातायात

आग लगने के कारण कुछ देर तक हाइवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया। स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात को फिर से सुचारु करवाया गया। गेगल थाना के एएसआई गोविंद ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कार चालक सुरक्षित है। कार में सीएनजी किट लगी हुई थी। प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी सामने आई है। आग के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

Updated on:
12 Jun 2026 09:58 pm
Published on:
12 Jun 2026 07:55 pm