अजमेर

सरवाड़ में फिर दबोचे घूसखोर,एक माह में एसीबी की दूसरी बड़ी कार्रवाई

एवीवीएनएल के सहायक अभियंता कार्यालय में धूस लेते वरिष्ठ सहायक व सहायक वाणिज्य लिपिक रिश्वत लेते गिरफ्तार,एसीबी टीम ने 22 नवम्बर को शिकायत का सत्यापन किया
less than 1 minute read
• •
Updated: 26 Nov 2019, 7:04 AM IST
Two employees arrested for taking bribe in Sarwad
एसीबी की टीम के साथ खड़े (गोले में) रिश् वत लेने के गिरफ्तार आरोपित।

अजमेर. जिले के सरवाड़ उपखंड मुख्यालय पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अजमेर की टीम ने एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम को दो कर्मचारियों को घूस लेते रंगे हाथ धर-दबोचा। इसी माह 20 दिन पहले ब्यूरो की टीम ने सरवाड़ नगर पालिका कार्यालय में अधिशासी अधिकारी दीपेन्द्र सिंह शेखावत व केशियर देवेन्द्र सिंह गुर्जर को 20 हजार रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

सोमवार को ब्यूरो दल ने विद्युत निगम के सहायक अभियंता कार्यालय सरवाड़ में नियुक्त वरिष्ठ सहायक को 39 हजार और सहायक वाणिज्य लिपिक को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने एक किसान से बूंद-बूंद सिंचाई योजना में थ्री फेज कनेक्शन की एवज में रिश्वत मांगी थी।

पुलिस उप अधीक्षक (एसीबी अजमेर) महिपाल चौधरी के नेतृत्व में सरवाड़ एवीवीएनएल के सहायक अभियंता कार्यालय में ट्रेप की कार्रवाई की। एसीबी ने पीडि़त सरवाड़ क्षेत्र के बड़ला निवासी मनोज कुमार जाट की शिकायत पर यह कार्रवाई की।

एसीबी की टीम ने सरवाड़ में स्वरूप कॉलोनी हाल वरिष्ठ सहायक कुलदीप जैन व केकड़ी में जयपुर रोड आदर्श कॉलोनी हाल सहायक वाणिज्य लिपिक अनिल नामा को ५ हजार रुपए की घूस लेते गिरफ्तार किया।

शिकायत मिली तो किया सत्यापन

एसीबी अजमेर के सीओ चौधरी ने बताया कि जैन व नामा ने परिवादी मनोज कुमार से बूंद-बूंद सिंचाई योजना में थ्री फ्रेज कनेक्शन लेने की एवज में रिश्वत की डिमांड की थी। मनोज की शिकायत पर एसीबी टीम ने 22 नवम्बर को शिकायत का सत्यापन किया। इसमें आरोपियों ने मनोज को 25 नवम्बर को रकम के साथ बुलाया था। टीम ने जाल बिछाकर घूस की राशि लेते आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई दल में हैड कांस्टेबल रामचन्द्र, कैलाश, भरतसिंह, राजेश, युवराज शामिल रहे।


Published on: