अजमेर

ट्रक से टकराई पाली से हरिद्वार जा रही वीडियो कोच बस, नौ यात्री घायल

जोधपुर निवासी बस चालक छोटूराम की हालत गंभीर होने पर अजमेर किया रैफर, हादसे में वीडियो कोच बस व ट्रक क्षतिग्रस्त,सडक़ पर लगा जाम
less than 1 minute read
Jul 05, 2019
Video coach bus collided with truck, nine passengers injured
ट्रक से टकराई पाली से हरिद्वार जा रही वीडियो कोच बस, नौ यात्री घायल

अजमेर.

घर से खुशी-खुशी रेबारी परिवार के सदस्य पाली के रोहिट गांव से हरिद्वार के लिए धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उन्हें क्या पता था बीच रास्ते ही हादसा हो जाएगा। दरअसल, जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर किशनगढ़ समीप एक कट पर गुरुवार रात यात्री बस व ट्रक भिड़न्त में करीब नौ यात्री घायल हो गए।

दुर्घटना में वीडियो कोच बस व ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को किशनगढ़ स्थित यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया। सडक़ पर जाम लगने से आवाजाही बाधित रही। पुलिस के अनुसार बस पाली के पास रोहिट गांव से हरिद्वार जा रही थी। बस में रेबारी परिवार के सदस्य सवार थे। घायलों में एक यात्री की हालत अधिक खराब होने पर अजमेर रेफर कर दिया। घायलों में जोधपुर के कोठी निवासी छोटूराम (44), पाली के भंवरराम रेबारी (45 ),बादर रेबारी (35),रामनारायण (45),चेतन (19),मोहनी (35),महेन्द्र देवाली (24), विजयराम देवाली (34)और लाली देवासी (15) घायल हो गए। बस चालक छोटूराम की गंभीर हालत होने पर उसे अजमेर रैफर किया है।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के बाद वीडियो कोच बस में सवार रेबारी परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। कोई गहरी नींद में सो रहा था तो कोई झपकी ले रहा था। रात करीब 10 बजे एकाएक तेज धमाका हुआ और बस में सवार महिलाएं,बच्चे व पुरुष अपनी-अपनी सीटों से उछलकर दूर जा गिरे। इस दौरान किसी के सिर, कंधे,चेहरे व घुटने पर चोटें पहुंची। लहुलूहान कई घायल कराहते रहे। सूचना पर किशनगढ़ पुलिस व टोल नाके का दस्ता क्रेन व अन्य संसाधन के साथ मौके पर पहुंचा। घायलों को बस से बाहर निकाल एम्बुलेंस से किशनगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया।

Published on:
05 Jul 2019 06:27 am