
bhiwandi : यूरिया के लिए खाद दुकानों पर उमड़ी भीड़
भिवंडी. आरसीएफ कंपनी में यूरिया खाद के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अमोनियम नाइट्रेट की किल्लत के चलते अप्रेल से यूरिया खाद की कमी चल रही है। इससे मानसून शुरू होने के साथ खाद की दुकानों पर किसानों की भारी भीड़ लग रही है। देर से आए मानसून के बाद हुई हुई भारी बरसात के बाद सरकार की अव्यवस्था के कारण खेती के लिए खाद न मिलने से भिवंडी तालुका के पडघा, दुगाड़, खारबांव और आनगांव आदि ग्रामीण इलाकों की बाजार में यूरिया खाद की कमी होने से किसानों में निराशा के साथ-साथ नाराजगी भी दिखाई पड़ रही है। जबकि दुकानदारों का कहना है कि इस बाबत सरकार को पहले ही सूचित कर दिया गया है और दो-चार दिन में खाद की आपूर्ति का आश्वासन मिला है।
किसानों का कहना है कि बरसात के समय सब्जी और धान सहित अन्य मौसमी फसलों की बुआई का काम शुरू होता है। इस समय पहले से ही खाद की उपलब्धता की व्यवस्था करना सरकार का काम है। लेकिन सरकार ने इसकी व्यवस्था समय रहते नहीं की। दूसरी और सरकारी सूत्रों का दावा है कि ठाणे और पालघर जिला में किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध कराने के लिए मुंबई के आरसीएफ कंपनी को सूचित कर दिया गया है। ठाणे के जिलाधिकारी राजेश नार्वेकर और ठाणे जिला कृषि अधीक्षक अंकुश माने ने किसानों को यूरिया खाद पूरा करने के लिए रायगढ़ जिला से यूरिया खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। जिसकी वजह से आने वाले 2 दिनों में किसानों को आवश्यक यूरिया खाद मिलने लगेगी।
Published on:
04 Jul 2019 11:52 pm
