अलीगढ़

एशिया की सबसे अधिक सोना जड़ित जामा मस्जिद को लेकर आरटीआई में बड़ा खुलासा, बनी है सार्वजनिक जगह पर

एशिया की सबसे ज्यादा सोना लगी अलीगढ़ के ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद को लेकर आरटीआई में नगर निगम ने खुलासा किया है कि यह मस्जिद सार्वजनिक स्थान पर बनी है। जामा मस्जिद की जमीन पर किसी का अधिकार नहीं है। नगर निगम में यह आरटीआई केशव देव ने लगाई थी

2 min read
May 13, 2022
एशिया की सबसे अधिक सोना जड़ित जामा मस्जिद को लेकर आरटीआई में बड़ा खुलासा, बनी है सार्वजनिक जगह पर।

अलीगढ़ जिले की ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध जामा मस्जिद को लेकर आरटीआई में अहम खुलासा हुआ है। विधानसभा चुनाव लड़ चुके केशव देव ने इस जामा मस्जिद के बारे में नगर निगम में आरटीआई लगाकर जानकारी मांगी थी। आरटीआई से मिली जानकारी में खुलासा हुआ है कि ऊपरकोट की जामा मस्जिद का निर्माण सार्वजनिक जमीन पर किया गया है। जामा मस्जिद की जमीन पर किसी का अधिकार नहीं है। वहीं, केशव देव ने इस मामले को जनसुनवाई पोर्टल पर भी अपलोड किया है, जिसका निस्तारण नहीं हो सका है।

केशव देव ने बताया 23 जून 2021 जामा मस्जिद के संदर्भ में आरटीआई डाली थी। जिसमें नगर निगम से कई बिंदुओं पर सवाल पूछे गए थे। केशव देव ने सवाल पूछा था कि ऊपरकोट जामा मस्जिद किसकी जमीन पर बनी है और जामा मस्जिद पर प्रतिवर्ष कितना टैक्स दिया जाता है? और कितना वाटर टैक्स लगता है? जामा मस्जिद का निर्माण कब हुआ? इस पर नगर निगम ने जवाब दिया कि जामा मस्जिद टैक्स के अंतर्गत नहीं आती है। यह सार्वजनिक भूमि पर बनी हुई है और मस्जिद निर्माण के संबंध में कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। जामा मस्जिद का मालिकाना हक किसी व्यक्ति का नहीं है।

सीएम योगी से बुलडोजर चलाने की मांग

पंडित केशव देव का आरोप है कि ऊपरकोट जामा मस्जिद हिंदुओं के शिव मंदिर पर बनी है। इसकी जांच होनी चाहिए। क्योंकि यह कोल महर्षि और विश्वामित्र जैसे ऋषि मुनि की तपोभूमि रही है। केशव देव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जामा मस्जिद पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अभी जो पत्रावली हाथ लगी है। उसके आधार पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की जाएगी। पंडित केशव देव ने डीएम को भी शिकायती पत्र भेजकर सार्वजनिक भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग की है।

पूर्व महापौर ने भी उठाया मुद्दा

वहीं पूर्व महापौर शकुन्तला भारती ने कहा है कि इस मामले से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया जाएगा, ताकि अवैध तरीके से बनी जामा मस्जिद के निर्माण को ध्वस्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि आरटीआई के जवाब में अलीगढ़ नगर निगम ने भी इसे अवैध करार दिया है।

एशिया में सबसे ज्यादा सोना लगा है ऊपरकोट जामा मस्जिद में

बता दें कि ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद की गुम्बदों में सोना लगा हुआ है। बताया जाता है कि मुगल काल में मोहम्मद शाह (1719-1728) के शासनकाल में कोल के गवर्नर साबित खान ने 1724 में जामा मस्जिद का निर्माण शुरू कराया था। इसमें 4 साल लगे और 1728 में मस्जिद बनकर तैयार हो गई। मस्जिद में कुल 17 गुंबद और तीन गेट हैं। कौन बनेगा करोड़पति में एशिया में सबसे ज्यादा सोना लगी मस्जिद को लेकर सवाल भी किया गया था। हालांकि उसका कोई जवाब नहीं दे पाया था। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने खुद उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ की जामा मस्जिद में सोना लगा होने का जवाब दिया था।

Updated on:
13 May 2022 02:16 pm
Published on:
13 May 2022 01:14 pm
Also Read
View All