अलीगढ़

अलीगढ़ में आंबेडकर शोभा यात्रा पर पथराव, दर्जन भर लोग घायल

इससे पहले भी गांव में दो पक्षों में विवाद हो चुका है, लेकिन इस बार प्रशासन ने झांकी निकालने को लेकर गंभीरता से नहीं लिया।

2 min read
Apr 15, 2018
Dr Bheem Rao Ambedkar Jayanti

अलीगढ़। डॉ भीमराव आंबेडकर जयंती पर झांकी निकाल रहे दलितों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। पथराव और फायरिंग भी की गई। घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है।

पहले भी हो चुका है विवाद

घटना थाना लोधा के केशवपुर जोफरी गांव की है। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग दोनों शामिल हैं। झांकी निकालते वक्त सुरक्षा के लिए मौके पर एक ही कॉन्स्टेबल था। आंबेडकर की शोभायात्रा निकालने के लिए परमीशन भी ली गई थी। घटना के वक्त लड़कियों और महिलाओं से दुर्व्यवहार भी किया गया। बताया जा रहा है कि शांतिपूर्वक झांकी निकाली जा रही थी, लेकिन झांकी जब दूसरे इलाके में पहुंची तो वहां छत से पथराव किया गया। फायरिंग की गई, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है इससे पहले भी गांव में दो पक्षों में विवाद हो चुका है, लेकिन इस बार प्रशासन ने झांकी निकालने को लेकर गंभीरता से नहीं लिया।

दस वर्षों से निकाली जा रही है शोभायात्रा

गांव के ही बलवीर सिंह ने बताया जिला पंचायत सदस्य सुशील कुमार ने शोभा यात्रा का शुभारंभ किया और गांव में ही कई जगहों पर यात्रा निकाली गई। गांव में जहां गमी हुई थी, उस जगह शोभा यात्रा शांत कर दी गई। कुछ महिलाएं पीछे रह गईं थी, जिन पर छत से पथराव किया गया, फायरिंग की आवाज आई, महिलाओं से छेड़खानी की गई, घटना में करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। इस शोभायात्रा के दौरान एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगी हुई थी। इलाके में पहले बिना परमिशन के झांकी निकाली गई थी, जिसमें कोई विवाद नहीं हुआ था लेकिन इस बार परमिशन लेकर के झांकी निकालने के बाद विवाद हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह शोभायात्रा पिछले 10 वर्षों से निकाली जा रही है। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों को चिन्हित कर रही है।

Published on:
15 Apr 2018 04:58 pm