
BSP Chief Mayawati: देश में महात्मा गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अटल बिहारी वाजपेयी और सोनिया गांधी जैसे बड़े नेताओं के मंदिर उनके चाहने वालों द्वारा बनाए गए हैं जहां उनकी पूजा होती है। इसी तर्ज पर अब उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का भव्य मंदिर बनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए उन्हें बकायदा एक पत्र भेजा गया है और वहां से हरी झंडी मिलते ही मंदिर का भूमि पूजन शुरू कर दिया जाएगा।
आरटीआई एक्टिविस्ट और भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने 22 अगस्त को बसपा सुप्रीमो मायावती को यह खास पत्र भेजा है। इस पत्र के जरिए उन्होंने मायावती से अनुमति मांगी है कि अलीगढ़ जिले में उनका मंदिर बनाया जाए और उसमें उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए। पंडित केशव देव गौतम ने बताया कि खैर तहसील के मोहल्ला खेरे में उनकी अपनी निजी जमीन है। वह इसी जमीन पर अपने खुद के खर्च से मायावती का मंदिर बनवाएंगे। इसके लिए शासन या प्रशासन से कोई भी आर्थिक मदद बिल्कुल नहीं ली जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की देवी स्वरूप मंदिर बनाने को लेकर उनकी अनुमति के लिए मायावती को भेजा गए पत्र पर गौतम का कहना है कि मायावती ने बहुत त्याग किया है, मायावती ने अपना जीवन देश एवं प्रदेश के लिए समर्पित किया है। मायावती ने आज तक ऐसा कोई कार्य नहीं किया है जो उनके दामन पर कोई दाग रखा हो और उन्होंने प्रेरणा देने का काम किया है। मायावती ने अपने बचपन से लेकर आज तक त्यागी किया है, यही वजह है कि वो त्याग की देवी हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मंदिर का किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं होगा। यह पूरी तरह से केवल एक प्रेरणा स्थल के रूप में काम करेगा जहां से आने वाली पीढ़ियां हमेशा प्रेरणा ले सकेंगी। मंदिर में न केवल मायावती की प्रतिमा लगाई जाएगी बल्कि उनके महान विचारों को भी प्रमुखता से जगह दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बसपा प्रमुख की ओर से इस मामले पर अनुमति मिलते ही जमीन का पूजन पूरी श्रद्धा के साथ शुरू कर दिया जाएगा।
आपको बता दें कि मंदिर बनवाने की पहल करने वाले पंडित केशव देव गौतम अक्सर अपने अनोखे अंदाज के कारण चर्चा में रहते हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जूतों की माला पहनकर चुनाव प्रचार किया था। इसके बाद लोकसभा चुनाव 2024 में चुनाव आयोग ने उन्हें चप्पल चुनाव चिन्ह आवंटित किया था। पंडित केशव देव गौतम अलीगढ़ लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा वह अलीगढ़ के सांसद पर कई गंभीर आरोप लगाने को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे।